संगठन सृजन अभियान के तहत जिलेभर के कार्यकर्ताओं में दिखा जोश, सांसद सप्तगिरी उल्का लेंगे फीडबैक
“पब्लिक टॉकिज संवाददाता”
कोण्डागांव। कांग्रेस संगठन सृजन अभियान के अंतर्गत शुक्रवार 11 अक्टूबर को कोंडागांव जिले में संगठनात्मक दृष्टिकोण से अहम बैठकें आयोजित की जा रही हैं। एआईसीसी द्वारा ओडिशा के सांसद सप्तगिरी उल्का को जिले का पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है, जबकि पीसीसी उपाध्यक्ष प्रेमचंद जायसी को सह प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है।
जिले के तीन स्थानों पर ब्लॉकवार बैठकें होंगी — केशकाल के मंगल भवन हर्रापड़ाव, फरसगांव रेस्ट हाउस और कोंडागांव ऑडिटोरियम हॉल में। केशकाल, बड़े राजपुर और धनोरा ब्लॉकों की बैठक केशकाल में होगी, फरसगांव ब्लॉक की बैठक वहीं के रेस्ट हाउस में, जबकि कोंडागांव, माकड़ी और मर्दापाल ब्लॉक की बैठक जिला मुख्यालय स्थित ऑडिटोरियम हॉल में होगी।
बैठकों में कार्यकर्ताओं से रायशुमारी कर नए जिलाध्यक्ष के नाम पर सुझाव लिए जाएंगे। इसके साथ ही पर्यवेक्षक सांसद उल्का वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं, संगठनों के पदाधिकारियों और पत्रकारों से भी भेंट कर एक विस्तृत रिपोर्ट एआईसीसी को सौंपेंगे, जिसके आधार पर प्रदेश के सभी जिलाध्यक्षों की सूची जारी की जाएगी।
जिलाध्यक्ष पद के लिए कोंडागांव से शंकर विश्वकर्मा, दीपक ठाकुर, भगवान दास शर्मा, बिरस साहु, रवि घोष, रितेश पटेल, राजेश नेताम, श्याम सिंह, झुमुकलाल दीवान, बुधराम नेताम और जे.पी. यादव सहित एक दर्जन से अधिक नामों की चर्चा है। सभी दावेदार पार्टी के प्रति समर्पित और जमीनी स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ता माने जाते हैं।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, संगठन सृजन अभियान का उद्देश्य जमीनी कार्यकर्ताओं को नेतृत्व में स्थान देना और पार्टी को नई ऊर्जा के साथ मजबूत करना है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी के मार्गदर्शन में यह कवायद प्रदेश और केंद्र की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष की रणनीति का हिस्सा मानी जा रही है।
