ग्राम सभा के सदस्यों ने वन, जल, खनिज प्रबंधन समेत कई मुद्दों पर रखे सुझाव
“पब्लिक टॉकिज संवाददाता”
कोण्डागांव। ग्राम पंचायत नेवता में शनिवार को पेसा कानून के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विशेष बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में पंचायती राज मंत्रालय, भारत सरकार के संचालक रमित मौर्य व पेसा सलाहकार प्रखर जैन ने ग्रामीणों एवं ग्राम सभा सदस्यों से संवाद किया।

ग्राम सभा की अध्यक्ष बासन नेताम ने सभा की कार्यप्रणाली पर प्रकाश डाला। बैठक के दौरान वन प्रबंधन, जल प्रबंधन, खनिज संसाधनों के संरक्षण, हाट-बाजार संचालन, करारोपण, आदिवासी परंपराओं, खेल संस्कृति और ग्राम सभा की कोरम पूर्ति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
ग्राम पंचायत नेवता की सरपंच रेवती मौर्य ने पंचायत द्वारा संचालित विकास कार्यों की जानकारी दी। संचालक रमित मौर्य ने जीपीडीपी (ग्राम पंचायत विकास योजना) और आदि कर्मयोगी अभियान के तहत तैयार की गई योजनाओं की समीक्षा की तथा पेसा कानून के जमीनी क्रियान्वयन के लिए सामूहिक सहभागिता की आवश्यकता पर जोर दिया।
बैठक में ग्राम सभा द्वारा गठित संसाधन योजना एवं प्रबंधन समिति और शांति एवं न्याय समिति के कार्यों की भी समीक्षा की गई।
इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अविनाश भोई, उपसंचालक पंचायत बी.आर. मोरे, जनपद पंचायत सीईओ उत्तम कुमार, ग्राम पंचायत सचिव इच्छा नेताम सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
