“पब्लिक टॉकीज संवाददाता”
कोंडागांव। छत्तीसगढ़ सर्व पिछड़ा वर्ग समाज की ओर से 3 अक्टूबर को कोंडागांव में प्रस्तावित महाआंदोलन को सफल बनाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में 21 सितंबर को ग्राम पिपरा, बहीगांव जोन में समाज की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष रैमल दीवान ने की, जबकि रोहित पटेल और देवेंद्र पटेल के नेतृत्व में समाज के सदस्यों ने आंदोलन की तैयारियों पर चर्चा की।
बैठक में पदाधिकारियों ने संगठन के उद्देश्य, विचारधारा और आगामी रणनीति की जानकारी दी। साथ ही समाज के सदस्यों से 3 अक्टूबर को कोंडागांव में आयोजित आंदोलन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की गई। पदाधिकारियों ने कहा कि बुजुर्ग, बीमार और महतारी को छोड़कर प्रत्येक परिवार के सदस्य आंदोलन में भागीदारी करें।
समाज की ओर से OBC के लिए 27 प्रतिशत आरक्षण, राष्ट्रीय जनगणना में OBC के लिए पृथक कॉलम तथा पिछड़ा वर्ग समाज को संविधान की पांचवीं अनुसूची में शामिल करने सहित विभिन्न मांगें उठाई जा रही हैं।
इसी मुद्दे को लेकर सुकमा सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों में भी बैठकें आयोजित की जा रही हैं। सुकमा की बैठक में 3 अक्टूबर को कोंडागांव में प्रस्तावित प्रदर्शन में सुकमा और भानुप्रतापपुर क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की बात कही गई।
समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि सामाजिक और संवैधानिक अधिकारों को लेकर संगठन लगातार जनजागरूकता और संगठनात्मक गतिविधियां चला रहा है। उनका कहना है कि 3 अक्टूबर का कार्यक्रम मांगों को लेकर समाज की एकजुटता प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर होगा।
बैठक में जिला पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में समाज के सदस्य उपस्थित रहे। समाज ने जिले और प्रदेश के अन्य क्षेत्रों के सदस्यों से भी आंदोलन में सहभागिता की अपील की है।
