कोंडागांव। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 188वीं वाहिनी सीआरपीएफ द्वारा 13 अगस्त को कोंडागांव शहर में भव्य तिरंगा बाइक रैली का आयोजन किया गया। कमांडेंट मदन मोहन के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में आयोजित इस रैली में सीआरपीएफ के जवान हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों और जयघोष के साथ शहर की सड़कों पर निकले।

रैली वाहिनी मुख्यालय से प्रारंभ होकर राष्ट्रीय राजमार्ग-30, बंधा तालाब पार्क सहित शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी। इस दौरान केंद्रीय विद्यालय, सरस्वती शिशु मंदिर, उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोंडागांव, नवोदय विद्यालय एवं कोंडागांव पीजी कॉलेज में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने रैली का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।

कमांडेंट मदन मोहन एवं सीआरपीएफ अधिकारियों ने विद्यार्थियों के बीच तिरंगा झंडे और चॉकलेट वितरित कर उन्हें अपने घरों पर तिरंगा फहराने तथा देशभक्ति की भावना को मजबूत करने के लिए प्रेरित किया। रैली के दौरान लगाए गए देशभक्ति के नारों और गाजे-बाजे से पूरा शहर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
तिरंगा लहराते हुए कतारबद्ध सीआरपीएफ जवानों को देखने के लिए सड़क किनारे लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। कई लोगों ने अपने घरों की छतों और सड़क किनारे खड़े होकर इस भव्य दृश्य को कैमरे में कैद किया।

कमांडेंट मदन मोहन ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और देशप्रेम की भावना को और मजबूत करना है। उन्होंने रैली में शामिल नागरिकों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में द्वितीय कमान अधिकारी नीतीन्द्रनाथ, उप कमांडेंट दीपक सिंह, उप कमांडेंट मुकेश, चिकित्सा अधिकारी डॉ. राहुल चन्द्रन सहित वाहिनी के अधिकारी-जवान, शिक्षक, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
