कोंडागांव। जिले में गुम हुए मोबाइलों की बरामदगी को लेकर कोंडागांव पुलिस लगातार प्रभावी काम कर रही है। पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीश्रीमाल के निर्देश पर साइबर सेल द्वारा चलाए गए विशेष अभियान के तहत हाल ही में 22 गुम मोबाइल फोन रिकवर कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे गए। इन मोबाइलों की कुल बाजार कीमत करीब 3 लाख रुपए आंकी गई है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मोबाइलों का वितरण किया गया। बरामद मोबाइलों में आईफोन, वनप्लस, सैमसंग, वीवो और रेडमी जैसी महंगी कंपनियों के फोन शामिल हैं। साइबर सेल की टीम ने इन मोबाइलों को छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के साथ-साथ पड़ोसी राज्य ओडिशा से भी ट्रेस किया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा और उप पुलिस अधीक्षक (साइबर सेल) नरेंद्र पुजारी के मार्गदर्शन में साइबर सेल प्रभारी सौरभ उपाध्याय के नेतृत्व में टीम लगातार गुम मोबाइलों की तलाश में जुटी हुई है। इसी का परिणाम है कि अब तक कोंडागांव पुलिस 1800 से अधिक गुम मोबाइल उनके असली मालिकों तक पहुंचा चुकी है, जिनकी कुल कीमत लगभग 1 करोड़ रुपए बताई जा रही है।
मोबाइल वापस पाकर लोगों ने खुशी जाहिर करते हुए पुलिस का आभार व्यक्त किया। कई लोगों ने कहा कि उन्होंने अपने मोबाइल मिलने की उम्मीद छोड़ दी थी। इस दौरान पुलिस ने नागरिकों को मोबाइल सुरक्षित रखने और उपयोग से पहले उसे फॉर्मेट करने की सलाह दी।
एसपी आकाश श्रीश्रीमाल ने लोगों से अपील की कि किसी का मोबाइल मिलने पर उसे नजदीकी थाने में जमा करें और बिना बिल के मोबाइल न खरीदें। साथ ही साइबर अपराध की स्थिति में हेल्पलाइन नंबर 1930 और साइबर पोर्टल पर तत्काल शिकायत दर्ज कराने की भी अपील की गई।
