केशकाल, 19 अप्रैल 2026। कोंडागांव जिले के केशकाल से एक चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां मोबाइल फोन नहीं मिलने पर एक 10 वर्षीय बच्चे ने गुस्से में आकर यूरिया खाद खा लिया। इस घटना से परिवार में हड़कंप मच गया और परिजन तत्काल बच्चे को गंभीर अवस्था में केशकाल अस्पताल लेकर पहुंचे।
जानकारी के अनुसार, बच्चे ने अपने पिता से मोबाइल फोन की मांग की थी। पिता द्वारा मना करने पर वह नाराज हो गया और आवेश में आकर घर में रखी यूरिया खाद का सेवन कर लिया। कुछ ही समय में बच्चे की तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद परिजनों ने बिना देरी किए उसे अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत उपचार शुरू किया और आवश्यक चिकित्सीय प्रक्रिया के जरिए बच्चे के शरीर से यूरिया बाहर निकाला। डॉक्टरों के अनुसार, समय पर इलाज मिलने के कारण बच्चे की जान बच गई और अब उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही केशकाल पुलिस भी अस्पताल पहुंची। थाना प्रभारी विकास बघेल ने बच्चे और उसके परिजनों से बातचीत कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। फिलहाल पुलिस मामले पर नजर बनाए हुए है।
यह घटना बच्चों में बढ़ती मोबाइल की लत और भावनात्मक असंतुलन की ओर इशारा करती है, जो अभिभावकों के लिए एक गंभीर चेतावनी भी है।
