महासमुंद, 18 अप्रैल 2026। महासमुंद जिले के बसना थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 912 किलो गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजा की अनुमानित कीमत करीब 4 करोड़ 56 लाख 38 हजार रुपये बताई जा रही है। यह कार्रवाई पलसापाली बैरियर पर चेकिंग के दौरान की गई, जहां पुलिस को एक संदिग्ध ट्रक दिखाई दिया।

पुलिस ने ट्रक को रोककर तलाशी ली तो उसमें ऊपर केले लदे हुए थे, लेकिन संदेह के आधार पर गहन जांच करने पर केला के नीचे छुपाकर रखी गई 29 बोरियों में भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। कुल वजन 912 किलो पाया गया, जिसे आरोपी अवैध रूप से परिवहन कर रहा था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अब्दुल नईम (42 वर्ष) निवासी जमशेदपुर, झारखंड के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी उड़ीसा से गांजा लेकर उत्तर प्रदेश ले जा रहा था। पुलिस को शक है कि यह अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह से जुड़ा मामला हो सकता है, जिसकी जांच आगे जारी है।
बसना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी, ताकि नशे के कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।
इस बड़ी सफलता को लेकर पुलिस विभाग ने इसे नशा तस्करी के खिलाफ एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।
