जामा मस्जिद से निकला जुलूस, ईदगाह में अदा हुई नमाज़; अमन व शांति के लिए माँगी गई दुआ
कोंडागाँव। नगर में ईद-उल-अज़हा का पवित्र और मुबारक त्यौहार बड़े ही अकीदत, जोश और भाईचारे के साथ मनाया गया। इस खास मौके पर पूरे नगर का माहौल खुशी, उमंग और आस्था से भरा हुआ नज़र आया। हर तरफ ईद की रौनक और मुबारकबाद का सिलसिला देखने को मिला।
सुबह 7 बजे जामा मस्जिद से एक भव्य और अकीदतमंद जुलूस ईदगाह की ओर रवाना हुआ। जुलूस की अगुवाई जामा मस्जिद के मुख्य इमाम कारी शमीम रज़ा ने नात शरीफ पढ़ते हुए की। उनके साथ समाज के सैकड़ों लोग पूरी श्रद्धा और अकीदत के साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ते रहे। जुलूस जैसे ही ईदगाह पहुँचा, ठीक 8 बजे ईद-उल-अज़हा की नमाज़ अदा की गई। नमाज़ की अदायगी के बाद देश की तरक्की, अमन, भाईचारे और शांति के लिए विशेष दुआ माँगी गई, जिसमें सभी ने मिलकर हाथ उठाए।
ईद-उल-अज़हा के इस मुबारक मौके पर बच्चों में खासा उत्साह और उमंग देखने को मिली। कमेटी के मेंबर हाजी इमरान मेमन, शेख बशीर, शेख सादिक, मुहम्मद शाहरुख, सैयद आशिक सुलतान, इस्माइल सहित समाज के तमाम लोग भारी संख्या में मौजूद रहे और पूरे आयोजन को सफल बनाने में अपनी अहम भूमिका निभाई।
अंजुमन इस्लामिया कमेटी के अध्यक्ष सैयद शफ़ीक़ एवं सेक्रेटरी आदिल खान ने समाज एवं नगर के सभी लोगों को ईद-उल-अज़हा की हार्दिक मुबारकबाद और शुभकामनाएँ पेश कीं। साथ ही उन्होंने त्यौहार के शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित आयोजन में सहयोग प्रदान करने के लिए स्थानीय पुलिस एवं जिला प्रशासन का हृदय से आभार व्यक्त किया।
इस त्यौहार ने एक बार फिर नगर में आपसी प्रेम, सौहार्द और एकता का सुंदर संदेश दिया।
