“पब्लिक टॉकिज संवाददाता”
कोंडागांव। कोंडागांव जिला के फरसगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग NH-30 पर गुरुद्वारा के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि युवक को बचाया नहीं जा सका।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक युवक टीवीएस मोटरसाइकिल क्रमांक CG-27 Q 5458 पर सवार होकर मार्ग से गुजर रहा था। इसी दौरान पीछे या सामने से आ रहे अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही युवक सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को तत्काल नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फरसगांव पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही फरसगांव पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है तथा अज्ञात वाहन की पहचान और तलाश के लिए जांच तेज कर दी गई है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि वाहन और चालक का पता लगाया जा सके।
मृतक की पहचान मनोज कुमार मरकाम, पिता पुनाउ राम मरकाम, उम्र 24 वर्ष, निवासी डुरकीपारा चिचाड़ी के रूप में हुई है। युवक की असमय मौत से परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजन बदहवास हालत में अस्पताल पहुंचे।
फिलहाल दुर्घटना के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हादसे के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी ने दुर्घटना होते देखा हो या अज्ञात वाहन के संबंध में कोई जानकारी हो, तो पुलिस को सूचित करें।

