कलश यात्रा, पूजा-अर्चना और जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति में मनाई जाएगी जयंती
“पब्लिक टॉकिज संवाददाता” कोण्डागांव। जिले के देवांगन समाज द्वारा 23 जनवरी को माता परमेश्वरी जयंती का भव्य एवं ऐतिहासिक आयोजन कोंडागांव में किया जाएगा। इस अवसर पर जिला देवांगन समाज कोंडागांव के जिला अध्यक्ष सुरेश देवांगन की अध्यक्षता में कार्यक्रम का शुभारंभ होगा। समाज के लोगों में इस आयोजन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है और तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि कोंडागांव विधायक सुश्री लता उसेण्डी होंगी। वहीं विशिष्ट अतिथियों के रूप में बस्तर सांसद महेश कश्यप, केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम, पूर्व मंत्री मोहन मरकाम, नगरपालिका अध्यक्ष नरपति पटेल एवं नगरपालिका उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। अतिथियों की उपस्थिति से आयोजन को और अधिक भव्यता मिलने की उम्मीद है।
माता परमेश्वरी जयंती के अवसर पर कार्यक्रम की शुरुआत बांधा तालाब से भव्य कलश यात्रा के साथ की जाएगी। पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाएं और समाजजन माता के जयकारों के साथ नगर भ्रमण करेंगे। इसके पश्चात माता परमेश्वरी की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलन कर विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी। धार्मिक अनुष्ठानों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा।
देवांगन समाज के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने बताया कि माता परमेश्वरी के प्रति समाज में गहरी आस्था और श्रद्धा है। यह जयंती समाज को एकजुट करने और सांस्कृतिक परंपराओं को सहेजने का महत्वपूर्ण अवसर है। आयोजन समिति ने समाज के सभी लोगों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।
उल्लेखनीय है कि हर वर्ष माता परमेश्वरी जयंती पर देवांगन समाज द्वारा सामाजिक एकता, धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक चेतना का परिचय दिया जाता है। इस वर्ष का आयोजन भी भव्यता और श्रद्धा का प्रतीक बनने जा रहा है।
