दीपावली मनाने गए थे परिवार संग, केशकाल के पास तोड़ा दम
“पब्लिक टॉकिज संवाददाता”
कोण्डागांव। जनपद पंचायत विश्रामपुरी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एस.एल. देवांगन का आज (मंगलवार को ) आकस्मिक निधन हो गया। दीपावली पर वे अपनी पत्नी को छिंदगढ़ से लेकर बैलाडीला अपने पुत्र के पास पहुंचे थे, जहां उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। खांसी और उल्टी की शिकायत पर उन्हें बैलाडीला के अस्पताल में भर्ती किया गया, जहां से रायपुर रेफर किया गया था, किंतु केशकाल के पास ही उन्होंने अंतिम सांस ली।
एस.एल. देवांगन की गिनती क्षेत्र के ईमानदार और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारियों में होती थी। पंचायत संबंधी शिकायतों पर त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई के लिए वे विशेष रूप से पहचाने जाते थे। उनके निधन से प्रशासनिक सेवा को अपूरणीय क्षति हुई है।
जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले ही उनके पिता का भी निधन हुआ था, जिनकी बीमारी के दौरान देवांगन लगातार देखभाल में जुटे रहे। इसी दौरान उन्हें निमोनिया की शिकायत हुई थी। परिवार में पत्नी छिंदगढ़ में शिक्षिका हैं, बेटा बैलाडीला में एनएमडीसी अधिकारी और बेटी हैदराबाद में सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं। वे पूर्व में जनपद पंचायत कोण्डागांव में भी सीईओ के पद पर कार्य कर चुके थे। उनके निधन से क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है।
