“पब्लिक टॉकिज संवाददाता”
कोण्डागांव। पब्लिक टॉकीज की खबर का बड़ा असर देखने को मिला। मंगलवार, 4 नवंबर को पब्लिक टॉकीज ने जिला कार्यालय के सामने स्थापित छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा की उपेक्षा को लेकर खबर प्रकाशित की थी। खबर प्रकाशित होने के 24 घंटे के भीतर ही प्रशासन हरकत में आ गया।

बुधवार, 5 नवंबर की सुबह प्रतिमा स्थल पर पहुंचने पर देखने को मिला कि यहां छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा की साफ-सफाई कर परिसर को स्वच्छ बनाया गया है और दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण किया गया है।
इधर, खबर सामने आने के बाद जिला कांग्रेस कमेटी ने भी बुधवार को ही प्रतिमा स्थल पहुंचकर दूध से स्नान, दीप प्रज्वलन और माल्यार्पण करने की योजना बनाई थी। लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं के पहुंचने से पहले ही प्रतिमा की सफाई और पूजन कार्य पूरा कर लिया गया।
जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री रितेश पटेल ने प्रशासन की तत्परता पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक ओर प्रदेशभर में छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस बड़े उत्साह से मनाया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर कई जिलों में छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमाओं की उपेक्षा निंदनीय है। उन्होंने कहा कि कोंडागांव में राज्योत्सव के नाम पर मंच सजावट और सांस्कृतिक कार्यक्रमों पर लाखों रुपये खर्च किए गए, लेकिन महतारी प्रतिमा की देखभाल तक नहीं की गई थी।
हालांकि, पब्लिक टॉकीज की खबर के बाद प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई कर प्रतिमा की सफाई और पूजन कर सम्मान प्रकट किया। लोगों ने मीडिया की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी पत्रकारिता ही जनसमस्याओं को आवाज देती है और प्रशासन को जवाबदेह बनाती है।
