कोंडागांव के डीएनके मैदान में जोरदार प्रदर्शन कर प्रशासन को सौंपा ज्ञापन
“पब्लिक टॉकिज संवाददाता”
कोण्डागांव। जिले के फरसगांव विकासखंड के कोसागांव, कबोंगा, सिरसिकलार और कुम्हार बड़गांव पंचायत के किसानों का आक्रोश अब सड़कों पर दिखाई देने लगा है। शासन प्रशासन के समक्ष कई बार अपनी समस्या रखने के बावजूद जब किसानों को केवल आश्वासन ही मिला, तो उन्होंने शुक्रवार को कोंडागांव के डीएनके मैदान में जोरदार प्रदर्शन किया। किसानों ने ग्राम कबोंगा में नया धान खरीदी केंद्र खोले जाने की मांग दोहराई।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे किसान नेता दिनेश मरकाम ने कहा, “हमने बार-बार शासन प्रशासन से अनुरोध किया, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। जब शासन और प्रशासन नहीं सुनते, तो हमें सड़कों पर उतरना ही पड़ता है। यह हमारे अस्तित्व की लड़ाई है।”
किसानों का कहना है कि वर्तमान में उन्हें दूरस्थ खरीदी केंद्रों तक फसल ले जाने में भारी खर्च उठाना पड़ता है। इससे उत्पादन लागत बढ़ रही है और मुनाफा घट रहा है। कई किसानों को मजबूरी में अपनी फसल समर्थन मूल्य से कम दाम पर बेचनी पड़ रही है। लंजोड़ा खरीदी केंद्र में किसानों की संख्या अधिक होने से वहां भीड़ रहती है, जिसके कारण धान बेचने के लिए कई दिनों तक इंतजार और रखवाली करनी पड़ती है।
किसानों ने प्रशासन से जल्द ही ग्राम कबोंगा में नया धान क्रय केंद्र खोलने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। किसानों का कहना है कि ऐसे हालात में आंदोलन की पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
