“पब्लिक टॉकिज संवाददाता”
कोण्डागांव। सामाजिक सेवा में उत्कृष्ट योगदान देने वाले कोंडागांव जिले के ग्राम मांझीआठ निवासी सुकमन नेताम को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय मंच पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। नेशनल इंटीग्रेटेड फोरम ऑफ आर्टिस्ट एंड एक्टिविटीस (NIFAA) द्वारा आयोजित तीन दिवसीय रजत जयंती स्थापना एवं सम्मान समारोह में उन्हें “वर्ल्ड रिकॉर्ड ऑफ एक्सीलेंस” से सम्मानित किया गया। यह कार्यक्रम 21 से 24 सितंबर तक नई दिल्ली के प्रतिष्ठित भारत मंडपम में आयोजित हुआ।

समारोह में देश के 700 से अधिक जिलों से आए समाजसेवी, कलाकार और संस्थागत प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में मॉरीशस, जापान, इंग्लैंड, कनाडा और दुबई जैसे देशों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए। मुख्य अतिथि मॉरीशस के राष्ट्रपति वीडियो संदेश के माध्यम से जुड़े और समाज सेवकों को बधाई प्रेषित की। इंग्लैंड के राष्ट्रपति हेनरी आर के प्रतिनिधियों द्वारा सुकमन नेताम को वर्ल्ड रिकॉर्ड ऑफ एक्सीलेंस का प्रशंसा प्रमाण पत्र एवं मोमेंटो प्रदान किया गया।
ग्रामीण अंचल से राष्ट्रीय मंच तक का प्रेरणादायक सफर
सुकमन नेताम पिछले चार वर्षों से यूनिसेफ, छत्तीसगढ़ एग्रिकॉन और जिला प्रशासन के सहयोग से “युवोदय स्वयंसेवक” के रूप में कार्य कर रहे हैं। उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा, नशा मुक्ति, मानसिक स्वास्थ्य, एनीमिया उन्मूलन जैसे विषयों पर ग्रामीण अंचल में सक्रिय जागरूकता अभियान चलाया है।
उनके प्रयासों को देखते हुए यूनिसेफ द्वारा मानसिक स्वास्थ्य और एनीमिया मुक्त कोंडागांव विषय पर एक डॉक्यूमेंट्री फिल्म भी बनाई गई है।
पहले भी मिल चुके हैं कई सम्मान
2022 में जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण, कोंडागांव द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में प्रशस्ति पत्र, रायपुर में आयोजित “सोशल मीडिया फॉर गुड” कार्यक्रम में सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर के रूप में सम्मान।, 2023 गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा सक्रिय स्वयंसेवक के रूप में प्रशंसा प्रमाण पत्र भी प्राप्त कर चुके हैं।
समाज की सेवा ही सच्ची पूजा : सुकमन नेताम
सम्मान मिलने पर सुकमन नेताम ने कहा कि, “मैं एक गरीब परिवार से हूं, एक छोटे से गांव से निकलकर आज दिल्ली जैसे मंच पर देश-विदेश के प्रतिनिधियों के बीच सम्मानित होना मेरे लिए गौरव की बात है। समाज की सेवा ही ईश्वर की पूजा है, और इसी मार्ग पर आगे भी कार्य करता रहूंगा।”
उन्होंने इस उपलब्धि के लिए यूनिसेफ, छत्तीसगढ़ एग्रिकॉन, जिला प्रशासन एवं अपने मार्गदर्शक प्रकाश बागड़े का विशेष आभार प्रकट किया। साथ ही जिन्होंने उन्हें शुभकामनाएं भेजीं, उन सभी का धन्यवाद भी ज्ञापित किया।
