“पब्लिक टॉकिज संवाददाता”
कोण्डागांव। त्योहारी सीजन में सड़क सुरक्षा को लेकर कोण्डागांव पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए तेज रफ्तार और तेज आवाज में मोडिफाइड सायलेंसर वाली बाइक चलाने वाले युवाओं पर शिकंजा कसा।
पुलिस अधीक्षक वाय. अक्षय कुमार के निर्देशन में एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कौशलेन्द्र देव पटेल के मार्गदर्शन में कोण्डागांव थाना एवं यातायात थाना की संयुक्त टीम द्वारा 15 बाईकर्स के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई।
इन बाईकर्स की मोटरसाइकिलों से मोडिफाईड सायलेंसर और प्रेशर हॉर्न हटवाए गए। साथ ही, बाईकर्स के परिजनों को थाने बुलाकर भविष्य में ऐसी गतिविधियों से दूर रहने की सख्त समझाइश दी गई।
इस पूरी कार्रवाई में कोण्डागांव पुलिस एवं ट्रैफिक थाना स्टाफ की अहम भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि आने वाले दिनों में भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि आम जनता को सड़क पर शांति और सुरक्षा मिल सके।
