कोंडागांव। जनगणना 2026-27 में अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) की जानकारी के लिए पृथक कॉलम शामिल करने की मांग को लेकर कांग्रेस पिछड़ा वर्ग विभाग ने राज्यपाल के नाम कोंडागांव कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन कांग्रेस पिछड़ा वर्ग विभाग की जिलाध्यक्ष भगवती पटेल के नेतृत्व में सौंपा गया।
ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि आगामी जनगणना प्रपत्र में नागरिकों की जाति तथा अन्य पिछड़ा वर्ग से संबंधित जानकारी दर्ज करने के लिए स्पष्ट एवं पृथक कॉलम शामिल किया जाए। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि जातिगत एवं सामाजिक-आर्थिक आंकड़े उपलब्ध होने से विभिन्न सामाजिक वर्गों की वास्तविक जनसंख्या, सामाजिक एवं शैक्षणिक स्थिति की जानकारी प्राप्त करने में मदद मिलेगी।
भगवती पटेल ने कहा कि प्रामाणिक आंकड़ों के आधार पर पिछड़ा वर्ग के लिए शिक्षा, रोजगार, राजनीतिक प्रतिनिधित्व और कल्याणकारी योजनाओं का बेहतर निर्धारण एवं क्रियान्वयन किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि जनगणना प्रपत्र में जाति एवं OBC का स्पष्ट और पृथक कॉलम जोड़ा जाना चाहिए तथा प्राप्त आंकड़ों को पारदर्शी तरीके से संकलित एवं सार्वजनिक किया जाना चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि OBC वर्ग की जनसंख्या संबंधी स्पष्ट जानकारी दर्ज नहीं किया जाना पिछड़े वर्ग के हितों की अनदेखी है। उन्होंने कहा कि OBC समाज को उसके अधिकारों और प्रतिनिधित्व से जुड़े मुद्दों पर नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला कांग्रेस महामंत्री जेपी यादव, पीसीसी प्रवक्ता शिल्पा देवांगन, कांग्रेस नेता भंगी पटेल, मंडल अध्यक्ष सेवक दीवान सहित कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने आगामी जनगणना में OBC से संबंधित आंकड़ों को दर्ज करने के लिए पृथक व्यवस्था किए जाने की मांग दोहराई।
