
“पब्लिक टॉकीज” संवाददाता
फरसगांव। प्रेम विवाह को लेकर हुए विवाद में फरसगांव थाना क्षेत्र के चुरेगांव कैंप में मारपीट और घर में घुसकर गाली-गलौज करने वाले सात आरोपियों को पुलिस ने चंद घंटों में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक स्कॉर्पियो वाहन और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
मामले का संक्षिप्त विवरण:
प्रार्थी सुदर्शन सेठिया (50) निवासी चुरेगांव कैंप ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका बेटा तीरथ सेठिया और प्रिया दीवान (निवासी भानपुरी) एक-दूसरे को पसंद करते थे और विवाह करना चाहते थे। सामाजिक रीति-रिवाज से जब रिश्ता लेकर लड़की के घर गए, तो उसके पिता गोवर्धन दीवान ने मना कर दिया। इसके बाद दोनों ने 17 मार्च 2025 को मंदिर में शादी कर ली और बाहर चले गए।
इस विवाह से नाराज प्रिया दीवान का भाई पुष्पेन्द्र दीवान और मामा ज्ञानेन्द्र पाण्डेय बार-बार तीरथ को फोन कर जान से मारने की धमकी दे रहे थे।
25 मार्च 2025 की शाम 7:30 बजे, आरोपी पुष्पेन्द्र दीवान, नीरज दीवान, ज्ञानेन्द्र पाण्डेय, गोवर्धन दीवान, सागर दीवान समेत अन्य लोग सफेद रंग की स्कार्पियो (CG 27 N 9557) में सवार होकर सुदर्शन सेठिया के घर पहुंचे। उन्होंने घर का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसकर गाली-गलौज की और मारपीट की। प्रार्थी को कॉलर पकड़कर बाहर खींचा और उसके बेटे सागर सेठिया को भी पीटा।
आरोपियों की गिरफ्तारी और कानूनी कार्रवाई:
घटना की शिकायत पर फरसगांव पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अपराध क्रमांक 37/2025 के तहत धारा 296, 115(2), 351(2), 331(5), 191(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर 26 मार्च 2025 को सभी 07 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी:
1. पुष्पेन्द्र दीवान (27)
2. नीरज दीवान (26)
3. गोवर्धन दीवान (51)
4. रमेश कुमार दीवान (36)
5. सागर दीवान (24)
6. मानसाय दीवान (42)
7. ज्ञानेन्द्र पाण्डेय (36)
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
गिरफ्तारी में निरीक्षक संजय सिंदे, सउनि सुरेंद्र बघेल, सउनि पितांबर कठार, प्रधान आरक्षक गुपेंद्र साहू, आरक्षक अजय मरकाम और घनश्याम यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपियों को कुछ ही घंटों में पकड़ लिया, जिससे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनी रही।