कोंडागांव, 18 अप्रैल 2026।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) फेस-4 के तहत जिले में ग्रामीण संपर्क व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर से वर्चुअल माध्यम के जरिए विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और शुभारंभ किया। इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण कोंडागांव जिले के चिलपुटी खेल मैदान में आयोजित समारोह में किया गया, जहां जनप्रतिनिधि और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान PMGSY-IV बैच-1 के अंतर्गत जिले की 33 ग्रामीण सड़कों को स्वीकृति प्रदान की गई। इन सड़कों की कुल लंबाई 119.80 किलोमीटर है, जिनके निर्माण पर लगभग 10,540.48 लाख रुपए की लागत आएगी। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद जिले की 34 बसाहटों को सीधा लाभ मिलेगा, जिससे ग्रामीण इलाकों में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी और विकास की रफ्तार तेज होने की उम्मीद है।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष रीता सोरी, जिला पंचायत सदस्य नंद लाल राठौर, रामदई प्रेमसिंह नाग, जुगबती पोयाम, सरपंच धन्जु राम मरकाम, मीनू जैन कोर्राम, कृष्णा पोयाम, मोहन नेताम, दयावती मरावी, प्रेमसिंह नाग, रामलाल सलाम सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। वहीं जिला पंचायत सीईओ अविनाश भोई और पीएमजीएसवाई के ईई बलराम ठाकुर सहित विभागीय अधिकारी भी कार्यक्रम में उपस्थित थे।
इन सड़कों के निर्माण से जिले के दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्य मार्गों से जोड़ने में मदद मिलेगी, जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसरों तक पहुंच आसान होगी।
