“पब्लिक टॉकिज संवाददाता”
कोण्डागांव। प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार अपराह्न कोंडागांव जिला मुख्यालय के विकासनगर स्थित स्टेडियम में आयोजित मूल छत्तीसगढ़िया सर्व गांड़ा समाज बूढ़ादेव महोत्सव में शामिल होकर जिले को विकास की सौगातें दीं।

मुख्यमंत्री ने कुल 1 अरब 27 करोड़ 11 लाख 92 हजार रुपए की लागत वाले 61 कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इनमें 43 करोड़ 45 लाख 88 हजार के 35 कार्यों का लोकार्पण और 83 करोड़ 66 लाख 4 हजार के 26 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने जिले के लिए तीन नई घोषणाएँ भी की। इस दौरान मुख्यमंत्री श्री साय ने जिले के कोनगुड़ से धनोरा मार्ग निर्माण के लिए 90 लाख रूपए की घोषणा की। इसके अलावा केशकाल से विश्रामपुरी मार्ग हेतु 39 करोड़ रूपए तथा ग्राम कुधूर में अनुसूचित जनजाति बालिका 100 सीटर छात्रावास के लिए 2.71 करोड़ रूपए की भी घोषणा मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान की। साथ ही कोंडागांव विधायक की मांग पर बहुगतिविधि, दिव्यांग सेंटर व कोचिंग सेंटर संचालित करने 1.5 करोड़ रूपए प्रदाय करने का आश्वासन दिया। इसके अलावा गांड़ा समाज की विभिन्न मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने की बात मुख्यमंत्री ने कही।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रदेश में नक्सलवाद अब समाप्ति की ओर बढ़ रहा है। नियद नेल्लानार योजना के माध्यम से अंदरूनी क्षेत्रों के ग्रामीणों को शासन की मूलभूत सुविधाओं से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने बताया कि सरकार ने लगभग दो वर्षों की अल्प अवधि में अपने अधिकांश वादे पूरे कर लिए हैं।

सीएम ने कहा कि प्रदेश में धान खरीदी 15 नवंबर से शुरू हो चुकी है। राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने पर पूरे प्रदेश में रजत महोत्सव मनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 18 लाख आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं तथा महतारी वंदन योजना, तेंदूपत्ता संग्राहक लाभ योजनाएँ और चरणपादुका योजना के जरिए हितग्राहियों को निरंतर सहायता दी जा रही है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री द्वारा बूढ़ादेव की पूजा-अर्चना की गई। समाज के लोगों ने पारंपरिक मोहरी वादन से उनका स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने एनआरएलएम की कॉफी टेबल बुक “जर्नी ऑफ डिग्निटी: स्टोरी ऑफ एनआरएलएम कोंडागांव”, महिला बाल विकास की बाल्यावस्था देखभाल पुस्तिका, एचआरपी हेल्पलाइन, हेलमेट बैंक एवं सुपोषित विकास चार्ट का विमोचन भी किया।

इस अवसर पर प्रदेश के अनेक मंत्री, सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि, जिला प्रशासनिक अधिकारी एवं समाज के वरिष्ठजन बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
