“पब्लिक टॉकिज संवाददाता”
कोण्डागांव। देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर आयोजित होने वाली विभागीय समीक्षा बैठक को लेकर उठे विवाद के बाद आखिरकार जिला शिक्षा विभाग ने बैठक को स्थगित कर दिया है। दरअसल, 14 नवम्बर को जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय की ओर से सभी प्राचार्यों की बैठक बुलाई गई थी। इस पर जिला कांग्रेस कमेटी ने आपत्ति जताते हुए गुरुवार को एसडीएम कार्यालय में तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा था।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष बुधराम नेताम के नेतृत्व में पहुंचे पदाधिकारियों ने कहा था कि “बाल दिवस” के अवसर पर स्कूलों में विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। ऐसे में प्राचार्यों की अनुपस्थिति से समारोह प्रभावित होगा। उन्होंने बैठक की तिथि बदलने की मांग करते हुए चेतावनी दी थी कि यदि आदेश वापस नहीं लिया गया, तो पार्टी इसे नेहरू जयंती का अपमान मानते हुए विरोध प्रदर्शन करेगी।
कांग्रेस के इस विरोध के बाद शिक्षा विभाग ने तत्काल प्रभाव से बैठक स्थगित करने का आदेश जारी कर दिया है। अब नई तिथि की घोषणा बाद में की जाएगी। आदेश में कहा गया है कि आगामी बैठक की सूचना पृथक से दी जाएगी। इस निर्णय से शिक्षकों और विद्यालयों में राहत का माहौल है।

