चाचा नेहरू की जयंती पर बैठक रखना अनुचित : बुधराम नेताम
“पब्लिक टॉकिज संवाददाता” कोण्डागांव। जिले में 14 नवम्बर को आयोजित होने वाली प्राचार्यों की बैठक को स्थगित करने की मांग को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने बुधवार को एसडीएम कार्यालय पहुंचकर तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। जिलाध्यक्ष बुधराम नेताम के नेतृत्व में पहुंचे कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि 14 नवम्बर देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती है, जिसे पूरे देश में “बाल दिवस” के रूप में मनाया जाता है। इस दिन बच्चों के प्रिय चाचा नेहरू को याद करते हुए विद्यालयों में विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जिला शिक्षा कार्यालय द्वारा इसी दिन सभी प्राचार्यों की बैठक बुलाई गई है, जो पूरी तरह अनुचित है। विद्यालय प्रमुखों की अनुपस्थिति में बाल दिवस समारोह प्रभावित होगा। नेताम ने आरोप लगाया कि प्रशासन का यह निर्णय बाल दिवस के महत्व को कम करने वाला है। कांग्रेस ने मांग की कि बैठक की तिथि बदलकर किसी अन्य दिन रखी जाए, अन्यथा पार्टी इसे नेहरू जयंती का अपमान मानते हुए विरोध प्रदर्शन करेगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिलाध्यक्ष बुधराम नेताम, पूर्व अध्यक्ष झूमुक दीवान, महामंत्री रितेश पटेल, उपाध्यक्ष तरुण गोलछा, शहर कांग्रेस अध्यक्ष नरेन्द्र देवांगन समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
