“पब्लिक टॉकीज संवाददाता”
कोंडागांव। कांग्रेस की प्रदेश प्रवक्ता डॉ. शिल्पा देवांगन ने अपना जन्मदिन इस बार कुछ अलग और बेहद सादगीपूर्ण तरीके से मनाकर सभी का दिल जीत लिया। जन्मदिन के अवसर पर वे अपने कार्यकर्ताओं संग बालिका अनाथ गृह पहुँचीं, जहां बच्चियों ने स्वागत गीत गाकर उनका सम्मान किया। इस मासूम मुस्कान और आत्मीय स्वागत ने उनके जन्मदिन को बेहद खास बना दिया।
डॉ. देवांगन ने बच्चियों को स्वेटर और शॉल वितरित कर सर्द मौसम में गर्माहट का उपहार दिया। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बच्चियों के साथ मिलकर केक काटा, मिठाइयाँ और चॉकलेटें भी बांटी। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने बच्चियों से पढ़ाई और उनके सपनों के बारे में बात की, उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। इस मौके पर बालिका अनाथ गृह की अधीक्षिका मणि शर्मा भी मौजूद रहीं।

कार्यक्रम में प्रवीण मिश्रा, सर्वेश सेठिया, रंजीता अग्रवाल, रितेश कोर्राम, गीता मेश्राम सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। सभी ने बच्चियों के साथ समय बिताया और उनकी पढ़ाई व अन्य गतिविधियों में रुचि दिखाई। बच्चियों के बीच उपस्थित रहकर कार्यकर्ताओं के चेहरों पर भी एक अलग ही संतुष्टि दिखी।

डॉ. शिल्पा देवांगन ने भावुक होकर कहा कि “एक सामाजिक कार्यकर्ता और कांग्रेसी होने के साथ-साथ मैं स्वयं एक माँ भी हूँ। जन्मदिन पर इन बच्चियों के बीच आकर मुझे एक मां का भाव और एक परिवार का एहसास मिला। इन बच्चों का स्नेह मेरे लिए सबसे बड़ा उपहार है।” उन्होंने आगे कहा कि वे समय-समय पर बच्चियों की मदद के लिए हमेशा आगे रहेंगी।
अनाथ बच्चियों के बीच मनाया गया यह जन्मदिन न सिर्फ डॉ. देवांगन के लिए यादगार बना, बल्कि मानवीय संवेदना का एक सुंदर संदेश भी दे गया—कि किसी के जीवन में खुशियाँ बाँटना ही सबसे सच्चा उत्सव है।
