लाइसेंस अवधि खत्म होने के बाद भी पटाखा दुकानों की धूम, सुरक्षा इंतज़ाम नदारद – हादसे की जिम्मेदारी कौन लेगा?
“पब्लिक टॉकिज संवाददाता” कोण्डागांव। छोटी दीपावली यानी एकादशी के पर्व पर जहां पूरे जिले में रौशनी और खुशियों का माहौल है, वहीं स्थानीय एनसीसी ग्राउंड में प्रशासनिक लापरवाही एक बड़ी चिंता का विषय बनी हुई है। यहां पटाखा व्यवसायियों ने बिना वैध अनुमति के दुकानों की सजी कतारें लगा ली हैं। प्रशासन की ओर से किसी भी प्रकार की कार्रवाई न किए जाने से यह स्पष्ट है कि या तो प्रशासन ने आंखें मूंद ली हैं या फिर मौन सहमति दे रखी है।

जानकारी के अनुसार, दीपावली पर्व के लिए पटाखा बेचने हेतु जो अस्थायी लाइसेंस प्रशासन द्वारा जारी किए गए थे, उनकी अवधि अब समाप्त हो चुकी है। इसके बावजूद कई दुकानदार नियमों की अनदेखी करते हुए खुलेआम व्यापार कर रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि प्रशासन ने मौके पर सुरक्षा व्यवस्था तक सुनिश्चित नहीं की है। फायर ब्रिगेड, पानी की टंकी, रेती या प्राथमिक सुरक्षा उपायों की कोई व्यवस्था नहीं की गई है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि इस दौरान कोई हादसा होता है तो उसकी जिम्मेदारी किसकी होगी—यह सबसे बड़ा सवाल है। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले फतेहपुर में हुए हादसे से प्रशासन ने कोई सबक नहीं लिया है।
अब देखना यह है कि जिला प्रशासन कब जागता है और इन अवैध पटाखा दुकानों पर कार्रवाई करता है या फिर किसी अनहोनी का इंतज़ार रहेगा। फिलहाल, एनसीसी ग्राउंड में सजी यह अवैध पटाखा बाजार सुरक्षा और नियमों की खुली चुनौती बनी हुई है।
https://www.facebook.com/share/r/1CTSPnfwzQ/
