कोंडागांव पुलिस लाइन में भी आयोजित हुआ श्रद्धांजलि कार्यक्रम
“पब्लिक टॉकिज संवाददाता”
कोण्डागांव। पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर मंगलवार को सीआरपीएफ 188 बटालियन कोंडागांव के शहीद स्मारक में आयोजित श्रद्धांजलि समारोह में शहीद जवानों को नमन किया गया। इस अवसर पर बटालियन के कमांडेंट भावेश चौधरी सहित अन्य अधिकारी एवं जवानों ने शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम के दौरान देश की रक्षा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर जवानों के बलिदान को याद किया गया। साथ ही कोंडागांव पुलिस लाइन में भी श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित हुआ।
उल्लेखनीय है कि 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग में चीनी सैनिकों द्वारा घात लगाकर किए गए हमले में भारतीय पुलिस के 10 जवान शहीद हुए थे। इन्हीं की याद में प्रत्येक वर्ष इस दिन पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है। यह घटना उस समय हुई थी जब भारत-तिब्बत सीमा की सुरक्षा की जिम्मेदारी पुलिस बल के पास थी। घटना के बाद वर्ष 1962 में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) का गठन किया गया।
शहीद जवानों के अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान की स्मृति में लद्दाख के हॉट स्प्रिंग में शहीद स्मारक का निर्माण किया गया, जहां प्रत्येक वर्ष इसी दिन श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया जाता है।
वर्ष 2012 से यह राष्ट्रीय आयोजन पुलिस मेमोरियल, चाणक्यपुरी (दिल्ली) में भी आयोजित किया जा रहा है, जहां पूरे देश में सेवा के दौरान शहीद हुए पुलिस कर्मियों के नाम का वाचन कर श्रद्धांजलि दी जाती है।
इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि शहीदों का बलिदान राष्ट्र की अमूल्य धरोहर है, जिसे सदैव स्मरण रखना हमारा कर्तव्य है।
