कोंडागांव, 03 अक्टूबर।
बढ़ती बिजली दरों और लगातार हो रही बिजली कटौती के विरोध में आज कोंडागांव ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में भगदेवा स्थित बिजली कार्यालय का घेराव एवं तालाबंदी किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार बनने के बाद आम जनता पर बिजली बिलों के नाम पर डाका डाला जा रहा है।

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में उपभोक्ताओं को 50 प्रतिशत हाफ बिल और पर्याप्त बिजली मिलती थी, लेकिन वर्तमान भाजपा सरकार में बिजली आधी और बिल दस गुना ज्यादा आ रहे हैं। इसी के विरोध में प्रदेश कांग्रेस कमेटी एवं जिला कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार यह आंदोलन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, उपभोक्ता और क्षेत्रवासी मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से बढ़ी हुई दरों को वापस लेने और कटौती की समस्या को समाप्त करने की मांग की। ज्ञापन सौंपते हुए चेतावनी दी गई कि यदि मांगें पूरी नहीं की गईं तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा।

यह विरोध प्रदर्शन किसानों, मजदूरों और आम उपभोक्ताओं के हितों को लेकर किया गया, जिसमें सभी ने एक स्वर में सरकार की बिजली नीति का विरोध किया।
