कोंडागांव जिले को मिली बड़ी सौगात, मसोरा 132/33 केवी उपकेन्द्र में 63 एमवीए अतिरिक्त पावर ट्रांसफार्मर उर्जीकृत,लो-वोल्टेज और विद्युत कटौती से मिलेगी स्थायी राहत
कोंडागांव। जिले की विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ और भरोसेमंद बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज की गई है। शुक्रवार को 132/33 केवी उपकेन्द्र मसोरा में 63 एमवीए क्षमता के अतिरिक्त पावर ट्रांसफार्मर को सफलतापूर्वक उर्जीकृत कर दिया गया। इस ऐतिहासिक पहल से जिले के किसानों, घरेलू उपभोक्ताओं और व्यापारिक प्रतिष्ठानों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
ट्रांसफार्मर के उर्जीकरण अवसर पर नूपुर राशि पन्ना, ट्रांसमिशन कंपनी के एमडी राजेश शुक्ला, कार्यपालन निदेशक टी.के. मेश्राम, अधीक्षण अभियंता एच.के. सूर्यवंशी सहित विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व मसोरा उपकेन्द्र में 40-40 एमवीए क्षमता के दो पावर ट्रांसफार्मर कार्यरत थे, जिनसे 33 केवी के कुल 8 फीडर संचालित होते हैं। इन फीडरों के माध्यम से कोंडागांव, फरसगांव और माकड़ी विकासखंड के संपूर्ण क्षेत्र तथा बड़ेराजपुर विकासखंड के आंशिक क्षेत्र को विद्युत आपूर्ति की जाती है। वहीं केशकाल विकासखंड सहित बड़ेराजपुर के शेष हिस्से को 132/33 केवी उपकेन्द्र कांकेर से आपूर्ति मिलती है।
रबी सीजन में मक्का की व्यापक खेती के कारण ग्रीष्म ऋतु में सिंचाई हेतु विद्युत मांग अत्यधिक बढ़ जाती थी। इससे उपकेन्द्र पर ओवरलोड की स्थिति बनती थी और लगभग 25 मेगावॉट तक लोड रिलीफ देना पड़ता था, जिसके चलते लो-वोल्टेज और विद्युत कटौती की समस्या आम हो जाती थी।
अब 63 एमवीए अतिरिक्त पावर ट्रांसफार्मर के उर्जीकृत होने से उपकेन्द्र की कुल क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। इससे विद्युत आपूर्ति अधिक स्थिर होगी और ग्रीष्म ऋतु में लो-वोल्टेज व कटौती की समस्या से स्थायी राहत मिलेगी। यह कदम जिले के समग्र विकास, किसानों की सिंचाई व्यवस्था और आम नागरिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।
