कोंडागांव। सर्व पिछड़ा वर्ग समाज की तीन सूत्रीय मांगों को लेकर शनिवार को कोंडागांव के रावण भाटा विकास नगर स्टेडियम मैदान में विशाल महाआमसभा और अधिकार रैली का आयोजन किया गया। आयोजकों के अनुसार प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे 50 हजार से अधिक लोगों ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह करीब 8 बजे जनजागरूकता बाइक रैली से हुई। इसके बाद प्रदेश के अलग-अलग जिलों से पहुंचे सर्व पिछड़ा वर्ग समाज के प्रतिनिधियों ने महाआमसभा को संबोधित किया और समाज की मांगों को लेकर अपनी बात रखी।
सर्व पिछड़ा वर्ग समाज की प्रमुख तीन मांगों में ओबीसी समाज को 27 प्रतिशत आरक्षण, राष्ट्रीय जनगणना में ओबीसी के लिए अलग कॉलम तथा सर्व पिछड़ा वर्ग समाज को पांचवीं अनुसूची में शामिल करने की मांग शामिल है।
सभा के बाद बड़ी संख्या में समाज के लोग अधिकार रैली के रूप में कार्यक्रम स्थल से निकले। रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए एसडीएम कार्यालय पहुंची, जहां सामाजिक प्रतिनिधियों ने अपनी तीन सूत्रीय मांगों को लेकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।
सर्व पिछड़ा वर्ग समाज के संरक्षक नीलकंठ शार्दुल ने कार्यक्रम को सफल बताते हुए कहा कि जिस संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद थी, उससे कहीं अधिक लोग प्रदेश के विभिन्न जिलों से कोंडागांव पहुंचे। उन्होंने कहा कि समाज की तीन सूत्रीय मांगों को लेकर यह आंदोलन किया गया है।
शार्दुल ने शासन-प्रशासन से मांगों पर गंभीरता से विचार कर जल्द निर्णय लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि मांगें पूरी नहीं होती हैं तो आंदोलन आगे भी जारी रहेगा और समाज अपने अधिकारों की मांग को लेकर संघर्ष करता रहेगा।
