कोंडागांव। सर्व पिछड़ा वर्ग समाज ने 3 अक्टूबर 2026 को कोंडागांव में आयोजित होने वाले प्रदेशव्यापी महाआंदोलन, महारैली और अधिकार रैली की तैयारियां पूरी कर ली हैं। कार्यक्रम का आयोजन रावण भाटा, विकास नगर स्टेडियम मैदान में किया जाएगा। आंदोलन की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे समाज के संरक्षक नीलकंठ शार्दुल ने बताया कि समाज की तीन प्रमुख मांगों को लेकर यह आंदोलन किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि संगठन की प्रमुख मांगों में 27 प्रतिशत OBC आरक्षण, राष्ट्रीय जनगणना में OBC के लिए अलग कॉलम और OBC समाज को संविधान की पांचवीं अनुसूची में शामिल करना शामिल है। इन मांगों को लेकर प्रदेश के विभिन्न जिलों में गांव-गांव और कस्बे-कस्बे बैठकें आयोजित की गई हैं। अब “कोंडागांव चलो, कोंडागांव चलो” के आह्वान के साथ बड़ी संख्या में समाज के लोगों के पहुंचने की अपील की गई है।
आंदोलन की शुरुआत 3 अक्टूबर को सुबह 11 बजे होगी। आयोजकों के अनुसार गांवों में मुनादी कर लोगों को कार्यक्रम की जानकारी दी गई है। बाहर से आने वाले वाहनों के लिए चौपाटी मैदान, एनसीसी ग्राउंड, भाजपा कार्यालय के सामने छात्रावास मैदान, मंडी परिसर, बाजार पारा स्कूल परिसर और शीतला माता मंदिर के सामने मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
समाज के वालंटियर व्यवस्थाओं में सहयोग करेंगे। आयोजकों ने बताया कि आंदोलन स्थल पर भोजन की व्यवस्था नहीं रहेगी, इसलिए लोगों से घर से भोजन करके आने और आवश्यक खाद्य सामग्री साथ रखने की अपील की गई है। पेयजल के लिए टैंकरों की व्यवस्था रहेगी, फिर भी लोगों से पानी की बोतल साथ रखने को कहा गया है।
आयोजकों ने शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने तथा पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है। साथ ही बुजुर्गों, बच्चों, बीमार लोगों, गर्भवती महिलाओं और दूधमुंहे बच्चों के साथ महिलाओं से आंदोलन में नहीं आने की अपील की गई है।
