कोंडागांव/बड़ेडोंगर। ग्राम मोहपाल के सरपंच मंगल सिंह मरकाम की हत्या के मामले में बड़ेडोंगर पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने हत्या में शामिल सात आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया है। पुलिस के अनुसार हत्या पूर्व रंजिश और कथित प्रेम प्रसंग की चर्चा को लेकर पूर्व नियोजित षड्यंत्र के तहत की गई।
पुलिस के मुताबिक, 30 सितंबर 2026 की सुबह करीब 8:30 बजे सीएचसी फरसगांव से सूचना मिली कि ग्राम मोहपाल के वर्तमान सरपंच मंगल सिंह मरकाम को अज्ञात लोगों ने मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया है। परिजन उन्हें उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के निर्देश पर एफएसएल टीम, साइबर टीम, बड़ेडोंगर थाना पुलिस और रक्षित केंद्र की टीम को घटनास्थल भेजा गया।
पूर्व रंजिश बनी हत्या की वजह
विवेचना के दौरान संदेही मिट्ठू राम नेताम से पूछताछ में पुलिस को महत्वपूर्ण जानकारी मिली। पुलिस के अनुसार, सरपंच मंगल सिंह मरकाम को लेकर आरोपी परिवार की एक महिला से कथित प्रेम प्रसंग की चर्चा को लेकर पहले से रंजिश थी। इसी के चलते आरोपियों ने हत्या की योजना बनाई।
पुलिस के अनुसार 29 सितंबर को सरपंच के आने की जानकारी मिलने पर आरोपी पगडंडी मार्ग और नदी किनारे जंगल में घात लगाकर बैठे थे। सरपंच के पहुंचने पर आरोपियों ने उन्हें पकड़कर हाथ, थप्पड़, चप्पल, डंडे और लोहे के रॉड से मारपीट की। बाद में हाथ बांधकर करीब 60 मीटर दूर ले जाकर कंबल से ढंक दिया गया।
आरोपियों ने सड़क किनारे आग जलाकर रातभर वहां मौजूद रहने के बाद सुबह करीब 5 से 5:30 बजे के बीच मौके से फरार होने की बात पुलिस ने बताई है।
पुलिस ने मामले में मिट्ठू राम नेताम, श्रवण कुमार नेताम, अमित कुमार नेताम, लखन नेताम, नवलू वट्टी, राकेश मण्डावी और प्रभु लाल नेताम को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे/निशानदेही से हत्या में प्रयुक्त डंडा और लोहे का रॉड बरामद किया गया है। मामले में धारा 103(1), 61(2)(क) और 191(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।
