सुकुरपाल में NH-30 पर हादसा, दुकान का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त; करीब एक लाख रुपये के नुकसान का अनुमान
कोंडागांव। नेशनल हाईवे-30 पर रायपुर-जगदलपुर मार्ग में ग्राम सुकुरपाल के पास बुधवार को एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर दुकान में जा घुसा। हादसे में दुकान संचालित करने वाली महिला मालती ठाकुर और दो बच्चे बाल-बाल बच गए। दुर्घटना में दुकान का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि अंदर रखा सामान भी पूरी तरह बिखर गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार करीब एक लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
बताया गया कि ट्रक रायपुर से जगदलपुर की ओर जा रहा था। ट्रक में लोहे के बड़े-बड़े पाइप लदे हुए थे। ग्राम सुकुरपाल के पास अचानक ट्रक के सामने का टायर फट गया। टायर फटने के बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और तेज रफ्तार ट्रक सड़क किनारे स्थित दुकान में जा घुसा।
हादसे के समय मालती ठाकुर और दो बच्चे दुकान के आसपास मौजूद थे। ग्रामीणों के अनुसार टायर फटने की तेज आवाज सुनते ही सभी लोग तत्काल दुकान से हटकर घर की ओर चले गए। कुछ ही क्षण बाद अनियंत्रित ट्रक दुकान में जा घुसा। समय रहते हट जाने से महिला और दोनों बच्चे सुरक्षित बच गए।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दुकान का सामने का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और सामान इधर-उधर बिखर गया। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
ग्रामीणों ने NH-30 पर वाहनों की तेज रफ्तार पर नियंत्रण की मांग की है। उनका कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहन तेज गति से चलते हैं, जिसके कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क पर वाहनों की गति नियंत्रित करने और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।
