कोंडागांव। सोमवार 28 सितंबर को चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर कांग्रेस द्वारा सोमवार को किए गए प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जमकर विवाद हुआ। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रवि घोष के नेतृत्व में राष्ट्रपति के नाम कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन सौंपने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता पुराने बस स्टैंड की ओर पुतला दहन करने जा रहे थे।
कांग्रेसियों के अनुसार, बस स्टैंड पहुंचने से पहले ही पुलिस प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों के हाथों से पुतले छीन लिए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस की इस कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए इसे बलपूर्वक कार्रवाई बताया। कांग्रेसियों का कहना था कि पुतला दहन से पहले पुलिस द्वारा इस तरह पुतला छीनने की घटना पहली बार हुई है।
पुलिस कार्रवाई से नाराज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसके बाद जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री जेपी यादव कार्यकर्ताओं के साथ पुराने बस स्टैंड पर ही धरने पर बैठ गए। उन्होंने कहा कि जब तक दूसरा पुतला बनाकर नहीं लाया जाता और उसका दहन नहीं किया जाता, तब तक वे वहां से नहीं जाएंगे।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन की कार्रवाई पर कड़ी आपत्ति जताते हुए प्रदर्शन जारी रखा। उनका कहना था कि शांतिपूर्ण तरीके से विरोध प्रदर्शन और पुतला दहन किया जाना था, लेकिन पुलिस ने पहले ही पुतला छीनकर प्रदर्शन को रोकने का प्रयास किया।
इस दौरान बस स्टैंड क्षेत्र में कुछ देर तक नारेबाजी और विरोध का माहौल बना रहा। कांग्रेस ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली, मतदाता सूची में बदलाव और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर सवाल उठाते हुए स्वतंत्र जांच की मांग की है। साथ ही मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने अथवा उनके विरुद्ध संसद में प्रक्रिया शुरू करने की मांग राष्ट्रपति से की गई है।
