कोंडागांव। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के संबंध में सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक पोस्ट किए जाने के मामले को लेकर कोंडागांव जिला कांग्रेस कमेटी ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। जिला कांग्रेस के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने कोतवाली कोंडागांव पहुंचकर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ आवेदन सौंपा।
कांग्रेस नेताओं के अनुसार, शामपुर निवासी मिथलेश देवांगन द्वारा फेसबुक पर राहुल गांधी के संबंध में कथित रूप से आपत्तिजनक पोस्ट किए जाने से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नाराजगी है। कांग्रेस ने पुलिस प्रशासन से सोशल मीडिया पोस्ट की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।
कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में राजनीतिक दलों और नेताओं के बीच मतभेद होना स्वाभाविक है, लेकिन सोशल मीडिया पर किसी जनप्रतिनिधि अथवा लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष के संबंध में आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल उचित नहीं है। उन्होंने सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं से भी जिम्मेदारी और मर्यादा बनाए रखने की अपील की।
कांग्रेस नेताओं ने पुलिस प्रशासन से मामले की शीघ्र जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही कहा कि यदि मामले में उचित कार्रवाई नहीं की गई तो कांग्रेस द्वारा लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
इस अवसर पर जिला महामंत्री जे.पी. यादव, जिला उपाध्यक्ष तरुण गोलछा, शहर कांग्रेस अध्यक्ष नरेंद्र देवांगन, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संजय करन, शहर उपाध्यक्ष कमलेश सकुर खान, दुबे योगेंद्र, पोयाम कामदेव, कोर्राम राजेंद्र देवांगन, भूपेंद्र सहित कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
राहुल गांधी वर्तमान में लोकसभा में विपक्ष के नेता हैं।
