कोंडागांव के मालगांव में बढ़ती बिजली दरों और स्मार्ट मीटर के विरोध में कांग्रेस का जनजागरण अभियान आयोजित हुआ। रेखचंद जैन और मोहन मरकाम ने सभा को संबोधित किया।
कोंडागांव। बढ़ती बिजली दरों एवं स्मार्ट मीटर के विरोध में कांग्रेस द्वारा चलाए जा रहे जनजागरण एवं जनसंपर्क अभियान के तहत कोंडागांव ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने ग्राम मालगांव में अभियान के समापन समारोह एवं भव्य सभा का आयोजन किया। कार्यक्रम ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कोंडागांव के अध्यक्ष संजय करन के नेतृत्व में आयोजित हुआ।कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी के स्मार्ट मीटर अभियान प्रभारी एवं जगदलपुर के पूर्व विधायक रेखचंद जैन तथा छत्तीसगढ़ के पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता मोहन मरकाम प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों ने दोनों नेताओं का स्वागत किया।
सभा को संबोधित करते हुए रेखचंद जैन ने कहा कि बिजली प्रत्येक परिवार की मूलभूत आवश्यकता है। बिजली दरों में बढ़ोतरी और स्मार्ट मीटर को लेकर उपभोक्ताओं के बीच जो चिंताएं सामने आ रही हैं, उनका समाधान होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनसंपर्क अभियान के माध्यम से उपभोक्ताओं की समस्याओं और उनकी आवाज को शासन-प्रशासन तक पहुंचा रही है।
पूर्व मंत्री मोहन मरकाम ने कहा कि बिजली से जुड़े मुद्दे आम जनता से सीधे जुड़े हैं। कांग्रेस ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में उपभोक्ताओं से संवाद कर उनकी समस्याओं को सामने लाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि यह जनसंवाद आगे भी जारी रहेगा।
कांग्रेस पदाधिकारियों के अनुसार अभियान के दौरान गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर उपभोक्ताओं से स्मार्ट मीटर एवं बिजली दरों को लेकर उनकी राय और समस्याएं जानी गईं। कोंडागांव शहर में वार्ड स्तर पर भी उपभोक्ताओं से फॉर्म भरवाकर उनकी राय दर्ज कराने का अभियान चलाया जा रहा है।
कार्यक्रम में जेपी यादव, तरुण गोलछा, झूमक दीवान, भगवती पटेल, नरेंद्र देवांगन, सनी चोपड़ा, कमलेश दुबे, बंटी शर्मा, पीला राम बघेल, सेवक दीवान, भंवर कौशल, लखमू कोर्राम, योगेंद्र राठौर और ब्रिज शोरी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
