बलरामपुर-रामानुजगंज। पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण के खिलाफ जागरूकता का संदेश लेकर आगरा उत्तर प्रदेश निवासी वासु राइडर लगातार साइकिल यात्रा कर रहे हैं। 2 जून 2025 को शुरू हुई उनकी यात्रा अब तक करीब 16 हजार किलोमीटर का सफर तय कर चुकी है। हाथ और पैर से 55 प्रतिशत दिव्यांग होने के बावजूद उनका हौसला और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लगातार मजबूत बना हुआ है।
वासु राइडर का अभियान “Stop Pollution Save Earth” के संदेश पर आधारित है। वे लोगों, खासकर बच्चों और युवाओं को छोटी दूरी के लिए पेट्रोल-डीजल वाहनों के बजाय साइकिल का इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। अब तक वे 465 से अधिक स्कूलों में विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दे चुके हैं।
अपनी यात्रा के दौरान वासु राजस्थान, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, हरियाणा, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और नेपाल सहित कई क्षेत्रों में पहुंच चुके हैं। उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में उन्होंने यात्रा कर प्रशासनिक अधिकारियों से मुलाकात कर अपने अभियान की जानकारी दी। इसके अलावा करीब 15 जिलों में पुलिस विभाग के अधिकारियों और जवानों से भी संवाद किया।
फिलहाल वासु राइडर छत्तीसगढ़ के बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में हैं। रामानुजगंज से वे बलरामपुर जिला मुख्यालय की ओर रवाना हो रहे हैं। यहां वे कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अधिकारियों से मुलाकात कर स्कूल-कॉलेजों में पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के लिए सहयोग मांगेंगे।
यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर सेन समाज के लोगों द्वारा उनका स्वागत भी किया जा रहा है। वासु राइडर का लक्ष्य वर्ष 2028 तक साइकिल यात्रा जारी रखना है। उनका संदेश है कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार या संस्थाओं की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
