कोंडागांव। शहर में मोबाइल कारोबार को लेकर बढ़ती प्रतिस्पर्धा अब विवाद का विषय बनती जा रही है। कुछ मोबाइल दुकानों द्वारा मोबाइल खरीदने पर कार, बाइक, ट्रैक्टर, स्कूटी, साइकिल सहित अन्य महंगे उपहार देने के आकर्षक ऑफर प्रचारित किए जा रहे हैं। इन ऑफरों को लेकर स्थानीय छोटे और मध्यम मोबाइल व्यापारियों में नाराजगी देखने को मिल रही है। व्यापारियों का कहना है कि इस तरह की प्रतिस्पर्धा के कारण वर्षों से ईमानदारीपूर्वक कारोबार कर रहे स्थानीय दुकानदारों के सामने व्यवसाय बचाए रखने की चुनौती खड़ी हो गई है।
इस संबंध में कोंडागांव के समस्त मोबाइल व्यापारियों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है। व्यापारियों ने ज्ञापन में कहा है कि मोबाइल की बिक्री के साथ महंगे उपहार देने की प्रतिस्पर्धा में छोटे दुकानदारों के लिए टिक पाना मुश्किल होता जा रहा है। बड़े आकर्षक ऑफरों के कारण ग्राहकों का रुझान भी प्रभावित हो रहा है, जिससे स्थानीय व्यापारियों के कारोबार पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका है।
हालांकि व्यापारियों ने स्पष्ट किया है कि वे किसी भी व्यापारी के व्यक्तिगत व्यवसाय या प्रतिस्पर्धा के खिलाफ नहीं हैं, बल्कि सभी कारोबारियों के लिए समान और निष्पक्ष व्यापारिक वातावरण चाहते हैं।
व्यापारियों ने कलेक्टर से मांग की है कि मोबाइल खरीदने पर कार, बाइक, ट्रैक्टर और अन्य महंगे उपहार देने वाले ऑफरों की जांच कराई जाए। साथ ही इन योजनाओं में लागू कानूनी और कर संबंधी नियमों के पालन की जांच हो तथा ग्राहकों को गुमराह करने वाले विज्ञापनों पर उचित कार्रवाई की जाए।
इसके अलावा मोबाइल व्यापारियों की समस्याएं सुनने के लिए प्रशासन से बैठक आयोजित करने की भी मांग की गई है। अब देखना होगा कि व्यापारियों की इस शिकायत पर जिला प्रशासन क्या कदम उ
ठाता है।
