माकड़ी/कोंडागांव। कोंडागांव जिले के क्षमता पुर आश्रम छात्रावास में कक्षा तीसरी में अध्ययनरत मासूम भूपेंद्र वटी की आकस्मिक मौत से क्षेत्र में शोक का माहौल है। इस घटना के बाद आश्रम छात्रावासों में बच्चों की सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं और देखरेख की व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। मामले में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी माकड़ी के अध्यक्ष गौतम कुमार साहू ने निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है।
गौतम कुमार साहू से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम कुरलुबाहर निवासी कुंवर सिंह वटी के नाती एवं सदा राम वटी के पुत्र भूपेंद्र वटी को परिजनों ने गुरुवार को छात्रावास में छोड़ा था। शनिवार को जब परिजन बच्चे से मिलने पहुंचे, तो उसकी तबीयत खराब थी और वह उल्टियां कर रहा था। इसके बाद परिजन उसे अपने घर ले आए, लेकिन दुर्भाग्यवश अगली सुबह बच्चे का निधन हो गया।
घटना को लेकर गौतम कुमार साहू ने छात्रावास प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए पूछा कि यदि बच्चे की तबीयत पहले से खराब थी, तो समय रहते उसे चिकित्सकीय सहायता क्यों नहीं उपलब्ध कराई गई? तबीयत बिगड़ने पर परिजनों को तत्काल सूचना क्यों नहीं दी गई और उसे अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था क्यों नहीं की गई?
उन्होंने कहा कि एक गरीब आदिवासी परिवार ने अपना मासूम बच्चा खो दिया है। यह घटना केवल एक परिवार की पीड़ा नहीं, बल्कि छात्रावासों में रह रहे हजारों बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था से जुड़ा गंभीर विषय है।
उन्होंने शासन-प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने, छात्रावास प्रबंधन की जवाबदेही तय करने तथा जांच में दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
