कोंडागांव। पीवी ऐप की तकनीकी समस्याओं और लंबित मांगों को लेकर राजस्व पटवारी संघ की अनिश्चितकालीन हड़ताल शुक्रवार को 18वें दिन भी जारी रही। हड़ताल के समर्थन में पटवारियों ने काले कपड़े पहनकर विरोध प्रदर्शन किया और शासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान पटवारियों ने डीएनके मैदान से रैली निकाली, जो एसडीएम कार्यालय पहुंची। यहां पटवारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर विरोध जताया। इसके बाद संघ के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा और मांगों का शीघ्र निराकरण करने की मांग की।
राजस्व पटवारी संघ की प्रमुख मांगों में पीवी ऐप में आ रही तकनीकी समस्याओं का स्थायी समाधान, डीसीएस सर्वे से राहत, पटवारियों के खिलाफ की गई कार्रवाई को निरस्त करना, वेतन विसंगति दूर करना और लंबित पदोन्नति की प्रक्रिया पूरी करना शामिल है। संघ का कहना है कि लंबे समय से इन समस्याओं और मांगों को शासन के समक्ष रखा जा रहा है, लेकिन अब तक अपेक्षित समाधान नहीं हो पाया है।
संघ के जिला अध्यक्ष विष्णु मरकाम ने कहा कि पटवारी अपनी जायज मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। पीवी ऐप की तकनीकी दिक्कतों के कारण कामकाज में परेशानियां आ रही हैं। इसके अलावा अन्य लंबित मांगों का निराकरण भी आवश्यक है। उन्होंने शासन से मांगों पर गंभीरता से विचार कर जल्द निर्णय लेने की अपील की।
पटवारी संघ ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी मांगों का निराकरण नहीं किया जाता, तब तक अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगी। लगातार 18 दिनों से जारी इस आंदोलन के चलते राजस्व विभाग से जुड़े कार्यों पर भी असर पड़ने की संभावना बनी हुई है। अब सभी की नजरें शासन के अगले कदम पर टिकी हैं।
