कोंडागांव। जिले में एक युवती के मुस्लिम युवक के साथ चले जाने का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। युवती के परिजनों और सर्व हिंदू समाज के लोगों की लगातार बैठकें हो रही हैं। वहीं, इस मामले को लेकर शासन-प्रशासन से भी बातचीत जारी है। हालांकि, पुलिस अब तक युवक और युवती को ढूंढकर वापस लाने में सफल नहीं हो सकी है, जिससे सर्व हिंदू समाज में नाराजगी बनी हुई है।
बताया जा रहा है कि दो दिन पहले युवती ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा किया था, जिसमें उसने खुद को बालिग बताते हुए अपनी मर्जी से युवक के साथ जाने की बात कही थी। युवती ने पोस्ट में यह भी कहा था कि उस पर किसी प्रकार का दबाव नहीं है और इस मामले को हिंदू-मुस्लिम विवाद का रूप न दिया जाए। साथ ही उसने चेतावनी दी थी कि यदि ऐसा किया गया तो वह आत्महत्या कर लेगी।

इधर, युवती के परिजन सोशल मीडिया पर जारी इस पोस्ट को स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं हैं। उनकी मांग है कि पुलिस युवक और युवती दोनों को जल्द खोजकर लाए और युवती को उनके सामने पेश करे। इसी मांग को लेकर परिजनों और सर्व हिंदू समाज के लोगों की बैठकें लगातार जारी हैं।
शुक्रवार को स्थानीय रेस्ट हाउस में सर्व हिंदू समाज के लोगों ने बैठक की। इसके बाद नारेबाजी करते हुए सभी सड़क पर उतर आए। पुराने बस स्टैंड के पास पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोककर समझाइश दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में युद्धस्तर पर कार्रवाई की जा रही है और जल्द ही युवक-युवती को खोजकर परिजनों के सामने पेश किया जाएगा। पुलिस ने सभी से जांच में सहयोग करने की अपील की।

पुलिस की समझाइश के बाद प्रदर्शनकारी वापस रेस्ट हाउस लौट गए। हालांकि, सर्व हिंदू समाज ने प्रशासन को दो दिन का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी है कि निर्धारित समय में युवक-युवती को परिजनों के सामने पेश नहीं किया गया तो नगर बंद कराया जाएगा और उग्र आंदोलन किया जा सकता है।
फिलहाल पूरे मामले में पुलिस की कार्रवाई और प्रशासन से होने वाली अगली बातचीत पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
