कोंडागांव। चावरा हायर सेकेंडरी स्कूल, कोंडागांव के 40 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रूबी जुबली समारोह के तहत ‘चावरा लिगेसी 2026’ भव्य एलुमिनी मीट का आयोजन किया गया। इस अवसर पर देश के विभिन्न स्थानों से पहुंचे पूर्व छात्र-छात्राओं ने अपने पुराने सहपाठियों और शिक्षकों से मुलाकात कर स्कूल के दिनों की यादें ताजा कीं। चार दशक के इस गौरवशाली सफर को याद कर कई पूर्व विद्यार्थी और शिक्षक भावुक हो उठे।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 9 बजे पूर्व विद्यार्थियों के आगमन के साथ हुई। स्कूल की पुरानी परंपरा को जीवंत रखते हुए असेंबली, प्रार्थना और न्यूज रीडिंग का आयोजन किया गया। इसके बाद स्कूल के फाउंडर मेंबर्स शांति लाल सुराना, डॉ. एस.के. कनवर, प्रेम राज कोटडिया (हर्ष जैन), अब्राहम टिर्की और पूर्व प्रधानाध्यापकों को सिस्टर डॉ. सिसिलिया ने मंच पर आमंत्रित किया। दीप प्रज्ज्वलन के साथ समारोह का विधिवत शुभारंभ हुआ।
समारोह में पूर्व छात्र-छात्राओं और वर्तमान विद्यार्थियों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। वहीं, पूर्व प्राचार्यों और शिक्षकों को सम्मानित किया गया। इस दौरान उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों के जीवन निर्माण में स्कूल की भूमिका और यहां से जुड़ी यादों को याद किया।
कार्यक्रम का सबसे भावुक पल तब आया, जब स्क्रीन पर स्कूल की 40 वर्षों की यात्रा को वीडियो के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। पुरानी तस्वीरों और यादगार पलों को देखकर उपस्थित लोग भावुक हो गए।
आयोजन की मुख्य भूमिका निभाने वाली प्रिंसिपल डॉ. सिस्टर सिसिलिया ने सभी अतिथियों और पूर्व विद्यार्थियों के प्रति आभार जताया। कार्यक्रम में चावरा लिगेसी के अध्यक्ष ज्योति शंकर बोस, उपाध्यक्ष घनेन्द्र पाणिग्राही, सचिव नवीन पोयाम, सह सचिव रवि ठाकुर, कोषाध्यक्ष गौतम पाहुजा, मीडिया प्रभारी वासिल खान और इवेंट मैनेजर अशीम साहा सहित अनेक सदस्य मौजूद रहे।
‘चावरा लिगेसी 2026’ का आयोजन शिक्षा, संस्कार और चार दशक पुराने आत्मीय रिश्तों का यादगार उत्सव बन गया।
