1999 से 2020 तक के बैच के पूर्व छात्र होंगे शामिल, करीब 150 लोगों ने कराया पंजीकरण
कोंडागांव। शहर के चावरा स्कूल के इतिहास में पहली बार पूर्व छात्र मिलन समारोह का भव्य आयोजन होने जा रहा है। आगामी 31 अक्टूबर को आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम को ‘चावरा लेजेसि’ नाम दिया गया है। आयोजन को लेकर तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। इस ऐतिहासिक मिलन समारोह को लेकर पूर्व छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
चावरा लेजेसि आयोजन के मीडिया प्रभारी वासिल खान ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम के लिए अब तक लगभग 150 पूर्व छात्र-छात्राओं ने पंजीकरण कराया है। इस समारोह में चावरा स्कूल के प्रथम बैच वर्ष 1999 से लेकर वर्ष 2020 तक के विभिन्न बैचों के पूर्व छात्र-छात्राओं को आमंत्रित किया गया है। आयोजन का मुख्य उद्देश्य वर्षों बाद पुराने सहपाठियों को एक मंच पर लाना और स्कूल से जुड़ी यादों को फिर से जीवंत करना है।
इस मिलन समारोह में पूर्व छात्र-छात्राओं के साथ स्कूल के पुराने शिक्षकगण और स्टाफ भी शामिल होंगे। लंबे समय बाद विद्यार्थियों और शिक्षकों के एक साथ मिलने से स्कूल के पुराने दिनों की यादें ताजा होने की उम्मीद है। यह आयोजन पूर्व विद्यार्थियों को आपस में जुड़ने, अपने अनुभव साझा करने और विद्यालय से जुड़े रिश्तों को मजबूत करने का अवसर प्रदान करेगा।
कार्यक्रम की संपूर्ण तैयारियों और व्यवस्थाओं की निगरानी चावरा स्कूल की प्रिंसिपल डॉ. सिस्टर सिसिलिया कर रही हैं। वहीं, कमेटी के सदस्य और स्कूल स्टाफ आयोजन को सफल बनाने के लिए लगातार जुटे हुए हैं। सभी पूर्व छात्र-छात्राओं और शिक्षकों से संपर्क किया जा चुका है, ताकि अधिक से अधिक लोग इस विशेष अवसर का हिस्सा बन सकें।
चावरा स्कूल के इतिहास में पहली बार आयोजित हो रहा यह पूर्व छात्र मिलन समारोह विद्यालय की पुरानी यादों, मित्रता और गुरु-शिष्य परंपरा को फिर से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। अब सभी की निगाहें 31 अक्टूबर पर टिकी हैं, जब चावरा स्कूल के पुराने विद्यार्थी और शिक्षक एक साथ मिलकर अपनी यादों को साझा करेंगे और विद्यालय से जुड़े अपने रिश्तों का उत्सव मनाएंगे।

