जुगानी पुलिया के पास वन-वे जैसी स्थिति, टोल प्लाजा की सुविधाओं पर उठे सवाल
कोंडागांव। राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर जुगानी पुलिया के पास चिचाड़ी नदी के समीप शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे दो ट्रकों की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों वाहनों के हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। टक्कर के बाद सड़क पर यातायात प्रभावित हुआ और संकरी सड़क पर वन-वे जैसी स्थिति बन गई। ऐसे में सवाल है कि दुर्घटना के बाद यातायात को सुरक्षित और सुचारु बनाए रखने की जिम्मेदारी कौन निभा रहा है?
मिली जानकारी के अनुसार, एक ट्रक में रेडी-टू-ईट सामग्री लदी हुई थी। बीते दिन ट्रक में भरा माल गिर जाने के कारण चालक ने वाहन को सड़क किनारे खड़ा किया था, ताकि सामान को व्यवस्थित किया जा सके। सामान ठीक करते-करते रात हो गई, जिसके बाद चालक और कंडक्टर ट्रक में ही सो गए।
इसी दौरान सुबह करीब 4 बजे रायपुर की ओर से आ रहे एक अन्य ट्रक ने खड़े ट्रक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से खड़ी ट्रक का पिछला हिस्सा और टक्कर मारने वाले ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
ट्रक के कंडक्टर ने बताया कि पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे थे और कार्रवाई करने के बाद चले गए। हालांकि, जुगानी पुलिया के पास सड़क संकरी होने के कारण यातायात प्रभावित होने की स्थिति बनी रही।
टोल प्लाजा की जिम्मेदारी सिर्फ टैक्स वसूली तक?
कोंडागांव के मसोरा के पास स्थित टोल प्लाजा से प्रतिदिन हजारों वाहन गुजरते हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर दुर्घटना होने या वाहन खराब पड़ने पर राहगीरों को कितनी जल्दी सहायता मिलती है।
टोल प्लाजा से जुड़ी आपातकालीन व्यवस्थाओं में एंबुलेंस, मेडिकल सहायता, खराब वाहनों को हटाने के लिए क्रेन और अन्य जरूरी सुविधाएं महत्वपूर्ण हैं। लेकिन इन सुविधाओं की उपलब्धता और आम लोगों तक उनकी जानकारी पहुंचने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। इस मामले में संबंधित टोल प्रबंधन का पक्ष सामने आना बाकी है।
सुबह से सड़क पर बनी वन-वे जैसी स्थिति को देखते हुए संबंधित विभागों की सक्रियता जरूरी है, ताकि यातायात सामान्य हो और किसी दूसरी दुर्घटना की आशंका को कम किया जा सके।
आपकी राय क्या है? क्या टोल प्लाजा की जिम्मेदारी केवल टैक्स वसूलने तक सीमित है, या दुर्घटना के समय यात्रियों को सहायता उपलब्ध कराना भी उतना ही जरूरी है? कमेंट में अपनी राय जरूर बताएं।
खबर आपकी, नजर हमारी। ऐसी ही खबरों के लिए Public Talkies को सब्सक्राइब करें, वीडियो को लाइक करें और दूसरों तक शेयर करें।
