सड़क, बिजली, पेयजल और राशन कार्ड की समस्याओं को लेकर प्रदर्शन; निराकरण नहीं होने पर व्यापक आंदोलन की चेतावनी
नारायणपुर। क्षेत्र में सड़क, बिजली, पेयजल और राशन कार्ड से जुड़ी समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर मंडल कांग्रेस कमेटी बेनूर के तत्वावधान में कांग्रेस ने प्रदर्शन कर चक्काजाम किया। जिला एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में आयोजित इस आंदोलन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने बेनूर बस स्टैंड चौक पर एकत्रित होकर भाजपा सरकार और शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
आंदोलन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि क्षेत्र से सांसद महेश कश्यप, विधायक एवं वन मंत्री केदार कश्यप सहित जिला प्रशासन के अधिकारियों का लगातार आना-जाना होता है, इसके बावजूद ग्रामीणों को सड़क, बिजली और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नेताओं ने राशन कार्ड बनाने और उससे संबंधित प्रक्रियाओं में आ रही कठिनाइयों का मुद्दा भी उठाया।
कांग्रेस ने शासन-प्रशासन से क्षेत्र की समस्याओं का शीघ्र निराकरण करने की मांग की। प्रदर्शन के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर ग्रामीणों की समस्याओं से अवगत कराया। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
इस आंदोलन में पूर्व विधायक चंदन कश्यप, पीसीसी महासचिव रजनू नेताम, जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश दीवान, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष पंडी राम वड्डे, शहर कांग्रेस अध्यक्ष रघु मानिकपुरी, जिला पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष देवनाथ उसेंडी, आदिवासी मोर्चा कांग्रेस अध्यक्ष मैनु राम कुमेटी, मंडल कांग्रेस अध्यक्ष राजू देहारी, संगठन महासचिव संजय राय, प्रशासनिक महासचिव शेख तौहीद अहमद, मीडिया एवं शहर कांग्रेस प्रभारी रवि देवांगन, नगर पालिका उपाध्यक्ष प्रमोद नैलवाल, कोषाध्यक्ष वीपी शुक्ला और शब्बीर बढ़गुजर सहित कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
चक्काजाम के चलते बस स्टैंड चौक पर कुछ समय के लिए आवागमन प्रभावित रहा।
