
“पब्लिक टॉकीज” संवाददाता
कोंडागांव। नगर पालिका कोंडागांव ने मंगलवार को अपनी स्थापना के 50 वर्ष पूरे होने पर स्वर्ण जयंती स्थापना दिवस समारोह का आयोजन किया। नगर पालिका की स्थापना 1 अप्रैल 1975 को हुई थी, तब इसमें 11 वार्ड थे। समय के साथ नगर पालिका का विस्तार हुआ और 1980 में यह 12 वार्ड, 1985 में 18 वार्ड और 2019 में 22 वार्ड तक पहुंच गई। वर्तमान में नगर की जनसंख्या लगभग 40,000 है।
स्थापना दिवस के अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल, उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी, मुख्य नगरपालिका अधिकारी (सीएमओ) दिनेश डे, पार्षदगण और समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। इस अवसर पर नगर पालिका के विकास कार्यों और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की गई। कार्यक्रम में नगर के विकास में योगदान देने वाले पूर्व अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित भी किया गया।
नगर पालिका अध्यक्ष ने अपने संबोधन में कहा कि पिछले 50 वर्षों में नगर पालिका ने शहर के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने नागरिकों से नगर की स्वच्छता और विकास में सहयोग देने की अपील की।