धनोरा में मुख्यमंत्री ने किए पेन खण्डा मुदिया के दर्शन, प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की
कोण्डागांव। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सोमवार, 23 नवंबर को कोण्डागांव जिले के केशकाल विकासखंड अंतर्गत ग्राम धनोरा पहुंचे। यहां बाजार पारा स्थित कोनगुड़ परगना के प्रमुख आराध्य पेन खण्डा मुदिया के दर्शन कर उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली, शांति और कल्याण की कामना की।

पेन खण्डा मुदिया बस्तर अंचल के आदिवासी समाज की धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक पहचान का प्रमुख केंद्र हैं। कोनगुड़ परगना के अंतर्गत 84 गांव आते हैं और इन सभी गांवों के ग्रामीण पेन खण्डा मुदिया को अपना प्रमुख आराध्य मानते हैं। आदिवासी समाज की पारंपरिक धार्मिक व्यवस्था में उनका विशेष स्थान है। स्थानीय मान्यताओं के अनुसार उन्हें 18 जिलों के राजा के रूप में भी सम्मान दिया जाता है।
धनोरा पहुंचने पर आदिवासी समाज ने मुख्यमंत्री श्री साय का पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान उनके सिर पर पारंपरिक साफा बांधकर सम्मानित किया गया। स्वागत समारोह में आदिवासी संस्कृति, परंपरा और पारंपरिक अतिथि सत्कार की झलक देखने को मिली।

दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने आदिवासी समाज की धार्मिक आस्थाओं और सदियों पुरानी सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति सम्मान व्यक्त किया। पेन खण्डा मुदिया की सेवा-अर्जी में मरई परिवार सहित क्षेत्र के विभिन्न बारा बानी बिरादरी के सदस्य परंपरागत रूप से शामिल होते हैं।
इस अवसर पर वन मंत्री केदार कश्यप, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, कांकेर सांसद भोजराज नाग, कोंडागांव विधायक एवं बस्तर क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष लता उसेंडी, केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इसके अलावा जागा बूढ़ा पुजारी सुरजू राम मंडावी, पेन खण्डा मुदिया पुजारी अजय मंडावी, गायता पुजारी राम सिंह मंडावी, गढ़ पुजारी बंशी मंडावी, सिरहा रयनु मंडावी और भूमिक रत्तू मंडावी सहित बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोग मौजूद रहे।








