Latest News

पटवारियों की हड़ताल के समर्थन में उतरी कांग्रेस, मोहन मरकाम ने साय सरकार को घेरा; किसानों की परेशानी पर जताई चिंता

कोंडागांव में 40 दिनों से आंदोलनरत पटवारियों को कांग्रेस का समर्थन, पूर्व कैबिनेट मंत्री ने कहा- सरकार संवाद कर मांगों का सम्मानजनक समाधान निकाले

कोंडागांव। छत्तीसगढ़ में पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल को लेकर सियासत तेज हो गई है। अपनी पांच सूत्रीय मांगों को लेकर 13 अक्टूबर से आंदोलन कर रहे पटवारी संघ के समर्थन में अब जिला कांग्रेस कमेटी कोंडागांव भी खुलकर सामने आ गई है। शनिवार को जिला मुख्यालय में धरनास्थल पर पहुंचे पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं कांग्रेस नेता मोहन मरकाम ने पटवारियों की मांगों का समर्थन करते हुए प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधा।

मोहन मरकाम ने कहा कि पटवारी पिछले लगभग 40 दिनों से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन सरकार की ओर से अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकाला गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की उदासीनता और संवादहीनता के कारण किसानों और आम नागरिकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि पटवारियों की हड़ताल का सीधा असर राजस्व संबंधी कार्यों पर पड़ रहा है। किसानों को गिरदावरी, फसल संबंधी सत्यापन और धान खरीदी के लिए जरूरी दस्तावेज तैयार कराने में दिक्कतें आ रही हैं। वहीं आम लोगों को नामांतरण, बंटवारा और अन्य राजस्व कार्यों के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।

मरकाम ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा किसानों, मजदूरों और आम जनता के अधिकारों की लड़ाई लड़ती रही है। पटवारी संघ की जायज मांगों के प्रति पार्टी अपना पूर्ण समर्थन देती है। उन्होंने सरकार से हठधर्मिता छोड़कर पटवारी संघ के प्रतिनिधियों से बातचीत करने और उनकी समस्याओं का सम्मानजनक निराकरण करने की मांग की।

उन्होंने भाजपा सरकार को जनविरोधी और किसान विरोधी बताते हुए कहा कि जनता की समस्याओं को नजरअंदाज करना उचित नहीं है।

कोंडागांव में प्रशासनिक कार्रवाई के बावजूद जारी है पटवारियों का आंदोलन

कोंडागांव जिले में पटवारी आंदोलन को लेकर प्रशासन और पटवारी संघ के बीच टकराव भी लगातार बढ़ता दिखाई दे रहा है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, हड़ताल के दौरान प्रशासन ने जिले के 62 पटवारियों का दूसरे पटवारी हल्कों में अस्थायी तबादला किया है, जबकि 8 पटवारियों को निलंबित किया गया है। इसके बावजूद पटवारी संघ आंदोलन समाप्त करने को तैयार नहीं है।

दरअसल, पटवारी संघ की प्रदेशव्यापी हड़ताल के पीछे PV ऐप से जुड़ी तकनीकी एवं व्यावहारिक समस्याएं, वेतन विसंगति, पदोन्नति और आंदोलन के दौरान की गई विभागीय कार्रवाई जैसे मुद्दे प्रमुख हैं। संघ का कहना है कि नई डिजिटल व्यवस्था लागू करने से पहले पर्याप्त प्रशिक्षण और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाने चाहिए।

वहीं, 11 नवंबर को शासन और पटवारी संघ के प्रांतीय प्रतिनिधियों के बीच हुई बैठक भी बेनतीजा रही थी। राजस्व सचिव रीना बाबा साहेब कंगाले और भू-अभिलेख संचालक विनीत नंदनवार के साथ हुई चर्चा में वेतन विसंगति एवं पदोन्नति के मुद्दों पर सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद संघ ने आंदोलन जारी रखने का निर्णय लिया।

कोंडागांव में कांग्रेस के इस समर्थन प्रदर्शन के दौरान प्रदेश कांग्रेस सचिव शकूर खान, शहर कांग्रेस अध्यक्ष नरेंद्र देवांगन, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संजय करन, देवेंद्र कोर्राम, शहर महिला कांग्रेस अध्यक्ष हेमा देवांगन, प्रदेश प्रवक्ता शिल्पा देवांगन सहित जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

अब देखना होगा कि कांग्रेस के समर्थन और पटवारियों के लगातार आंदोलन के बीच प्रदेश सरकार इस विवाद का समाधान निकालने के लिए क्या कदम उठाती है। फिलहाल इस पूरे विवाद का सबसे अधिक असर किसानों और राजस्व संबंधी कार्यों के लिए सरकारी कार्यालयों पर निर्भर आम नागरिकों पर पड़ रहा है।

Advertisements

लाइव टीवी

क्रिकेट लाइव

आज का मौसम

ज्योतिष

आज सोने की कीमत

अन्य खबरें

About Us

देश-दुनिया की बड़ी सुर्खियों से लेकर आपके क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी खबर तक, हम लाते हैं प्रमाणिकता और विश्वसनीयता के साथ। सच के हर पहलू को उजागर करने के हमारे संकल्प के साथ बने रहें, क्योंकि “हम दिखाते हैं वही, जो है सही!

यह भी पढ़ें

2026 | All Rights Reserved | Publictalkies | Made By Best News Portal Development Company.