आत्मसमर्पित माओवादियों की निशानदेही पर नक्सल सेल, DRG, बस्तर फाइटर्स और BDS की संयुक्त कार्रवाई | हैंड ग्रेनेड, जिलेटिन रॉड, कॉर्डेक्स वायर और 14 टिफिन बरामद
कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के कोण्डागांव जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। आत्मसमर्पित माओवादियों की निशानदेही पर सुरक्षा बलों ने थाना पुंगारपाल क्षेत्र के ग्राम बेड़मा के जंगल-पहाड़ी इलाके में माओवादियों द्वारा छिपाकर रखी गई विस्फोटक सामग्री और अन्य सामान का बड़ा डंप बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, बरामद सामग्री में करीब 36 किलोग्राम विस्फोटक सामग्री, एक हैंड ग्रेनेड, जिलेटिन रॉड, कॉर्डेक्स वायर, इलेक्ट्रिक वायर, बैटरियां और 14 छोटे-बड़े टिफिन सहित बड़ी मात्रा में नक्सली सामग्री शामिल है।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक बद्रीनारायण मीणा और कोण्डागांव पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा के निर्देशन एवं नेतृत्व में जिले में माओवादियों द्वारा जंगलों में छिपाकर रखे गए हथियारों और विस्फोटकों की बरामदगी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में 19 नवंबर 2026 को आत्मसमर्पित माओवादियों से मिली जानकारी के आधार पर उप पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) सिद्धार्थ बघेल के नेतृत्व में निरीक्षक मनीप्रसाद राजवाड़े के साथ नक्सल सेल, DRG/बस्तर फाइटर्स और बम निरोधक दस्ते (BDS) की संयुक्त टीम रवाना हुई। टीम ने थाना पुंगारपाल क्षेत्र के ग्राम हांदापाल, देवडोंगरी, बेड़मा, मरकामपाल, छितपानी और आसपास के जंगल-पहाड़ी इलाकों में सर्च ऑपरेशन चलाया।

दो स्थानों से मिला विस्फोटकों का डंप
अभियान के दौरान ग्राम बेड़मा के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में सुरक्षा के साथ घेराबंदी, सर्चिंग और डी-माइनिंग की कार्रवाई की गई। इस दौरान दो अलग-अलग स्थानों से माओवादियों द्वारा डंप की गई सामग्री बरामद हुई।
बरामद सामग्री में एक हैंड ग्रेनेड, दो जिलेटिन रॉड, लगभग 25 मीटर कॉर्डेक्स वायर, चार बंडल इलेक्ट्रिक वायर (करीब 200 मीटर), 11 बैटरी सेट, एक वॉकी-टॉकी चार्जर और 14 टिफिन शामिल हैं। इनमें चार बड़े और 10 छोटे टिफिन हैं।
इसके अलावा तीन किलोग्राम सल्फर, चार किलोग्राम सोडियम नाइट्रेट तथा अलग-अलग टिफिन में रखे लगभग 29.65 किलोग्राम आईल, यूरिया, सल्फर और सोडियम मिश्रित पदार्थ भी बरामद किए गए। अन्य सामान में मल्टीमीटर, रस्सी, सात सिरिंज, टिन की पेटी, बैडमिंटन रैकेट, रबर रिंग, पेंचकस और जूते-चप्पल भी मिले हैं।
पहले भी मिल चुके हैं नक्सली डंप
गौरतलब है कि कोण्डागांव जिले में आत्मसमर्पित माओवादियों से मिली सूचनाओं के आधार पर पहले भी कई बार जंगलों में छिपाकर रखी गई विस्फोटक सामग्री बरामद की जा चुकी है। सितंबर 2026 में पुंगारपाल थाना क्षेत्र के जंगलों में पुलिस ने करीब चार किलोग्राम वजनी पाइप बम, इलेक्ट्रॉनिक डेटोनेटर, बैटरियां और अन्य विस्फोटक सामग्री बरामद की थी।
इस ताजा कार्रवाई में नक्सल सेल, DRG/बस्तर फाइटर्स और BDS की संयुक्त टीम की भूमिका अहम रही। पुलिस का उद्देश्य जंगलों में छिपाकर रखे गए विस्फोटकों और अन्य नक्सली सामग्री को बरामद कर संभावित खतरे को समाप्त करना है।
पुलिस द्वारा जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान लगातार जारी रखने की बात कही गई है।








