Latest News

भारत पर्व 2026 में छाया बस्तर का गौरव! राष्ट्रीय मंच पर 75 कलाकारों ने दिखाई लोकसंस्कृति और बदलते बस्तर की तस्वीर

कोंडागांव के बींजे और धनोरा के कलाकारों ने लोकनृत्य, नाट्य मंचन और बांस शिल्प से जीता देशभर के दर्शकों का दिल

कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के बस्तर की समृद्ध लोकसंस्कृति और बदलते सामाजिक परिवेश की कहानी गुजरात के एकता नगर स्थित विश्वप्रसिद्ध ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ परिसर में आयोजित राष्ट्रीय सांस्कृतिक महोत्सव ‘भारत पर्व 2026’ में आकर्षण का केंद्र बनी। कोंडागांव जिले के 75 कलाकारों ने अपनी शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुति के माध्यम से न केवल बस्तर की पारंपरिक कला और संस्कृति का प्रदर्शन किया, बल्कि नक्सलवाद के प्रभाव से निकलकर शांति और विकास की ओर बढ़ते बस्तर की प्रेरक तस्वीर भी देश के सामने प्रस्तुत की।

भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय और गुजरात पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव का शुभारंभ 30 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना पर आधारित यह आयोजन 15 नवंबर तक चला। इसमें देश के 29 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की कला, संस्कृति, हस्तशिल्प, खानपान और लोक परंपराओं को प्रदर्शित किया गया।

75 कलाकारों की प्रस्तुति बनी आकर्षण का केंद्र

कोंडागांव जिले के केशकाल विकासखंड अंतर्गत ग्राम बींजे और धनोरा के ‘बस्तर संस्कृति लोकरंग ग्रुप’ के 75 कलाकारों ने राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। स्थानीय लोक कलाकारों ने नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा (NSD) के कलाकारों के साथ मिलकर लोककला और आधुनिक नाट्य मंचन का अनूठा संगम प्रस्तुत किया।

प्रस्तुति का मुख्य विषय ‘नक्सलवाद के अंधकार से विकास के उजास तक’ रहा। नाट्य मंचन के जरिए बस्तर के उन इलाकों की तस्वीर दिखाई गई, जहां कभी हिंसा और नक्सली गतिविधियों के कारण विकास की राह बाधित होती थी। कलाकारों ने सड़क, पुल-पुलिया, स्कूल और कॉलेज जैसी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के माध्यम से बदलते बस्तर की कहानी को प्रभावशाली अंदाज में मंच पर जीवंत किया।

मांदरी नृत्य और बांस शिल्प ने बढ़ाया छत्तीसगढ़ का मान

कार्यक्रम में बस्तर का पारंपरिक मांदरी लोकनृत्य विशेष आकर्षण रहा। पारंपरिक वाद्ययंत्रों की थाप पर कलाकारों की सामूहिक प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं छत्तीसगढ़ पवेलियन में प्रदर्शित बस्तर के पारंपरिक बांस शिल्प और हस्तकला ने भी देशभर से पहुंचे पर्यटकों और कला प्रेमियों का ध्यान आकर्षित किया।

गौरतलब है कि भारत पर्व में छत्तीसगढ़ के डोकरा शिल्प, लौह शिल्प, कोसा वस्त्र और बांस कला को भी राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी छत्तीसगढ़ के स्टॉल का अवलोकन कर बस्तर और नारायणपुर के शिल्पकारों से संवाद किया तथा उनके पारंपरिक हुनर की सराहना की।

राष्ट्रीय पहचान के साथ स्थानीय कलाकारों को मिला मंच

भारत पर्व 2026 में कोंडागांव के कलाकारों की सहभागिता जिले के लिए गौरव का विषय है। इस आयोजन ने बस्तर की लोकपरंपराओं, आदिवासी कला और स्थानीय शिल्पकारों की प्रतिभा को देशभर के सामने प्रस्तुत करने का अवसर दिया। साथ ही यह संदेश भी दिया कि बस्तर की पहचान केवल उसकी प्राकृतिक सुंदरता और परंपराओं तक सीमित नहीं है, बल्कि यहां की कला, संस्कृति और विकास की संभावनाएं भी राष्ट्रीय पहचान का आधार बन रही हैं।

Advertisements

लाइव टीवी

क्रिकेट लाइव

आज का मौसम

ज्योतिष

आज सोने की कीमत

अन्य खबरें

About Us

देश-दुनिया की बड़ी सुर्खियों से लेकर आपके क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी खबर तक, हम लाते हैं प्रमाणिकता और विश्वसनीयता के साथ। सच के हर पहलू को उजागर करने के हमारे संकल्प के साथ बने रहें, क्योंकि “हम दिखाते हैं वही, जो है सही!

यह भी पढ़ें

2026 | All Rights Reserved | Publictalkies | Made By Best News Portal Development Company.