Latest News

विश्व पटल पर चमका छत्तीसगढ़ का जनजातीय गौरव, अमेरिका-कनाडा-ब्रिटेन में गूंजे वीर बिरसा मुंडा और वीर नारायण सिंह के जयकारे

शिकागो, ह्यूस्टन, टोरंटो और लंदन में जनजातीय गौरव दिवस 2026 का आयोजन | NACHA ने वैश्विक मंच पर प्रस्तुत की छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति | दीपाली सरावगी को मिला छत्तीसगढ़ अप्रवासी सम्मान

रायपुर। छत्तीसगढ़ की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, गौरवशाली इतिहास और लोकपरंपराओं की गूंज अब सात समंदर पार भी सुनाई दे रही है। भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर आयोजित जनजातीय गौरव दिवस 2026 के कार्यक्रमों में अमेरिका, कनाडा और ब्रिटेन में बसे प्रवासी छत्तीसगढ़ियों ने प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई। नॉर्थ अमेरिका छत्तीसगढ़ एसोसिएशन (NACHA) ने भारतीय राजनयिक मिशनों और विभिन्न प्रवासी भारतीय संगठनों के सहयोग से शिकागो, ह्यूस्टन, टोरंटो और लंदन में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए। इन आयोजनों में जनजातीय नायकों के संघर्ष, स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान और छत्तीसगढ़ की पारंपरिक संस्कृति को प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया।

शिकागो में शहीद वीर नारायण सिंह के बलिदान को किया याद

अमेरिका के शिकागो स्थित नेशनल इंडिया हब में भारतीय महावाणिज्य दूतावास के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न राज्यों के भारतीय संगठनों ने भागीदारी की। कार्यक्रम के सामुदायिक समन्वय की जिम्मेदारी NACHA के वरिष्ठ प्रतिनिधि गणेश कर ने संभाली। NACHA शिकागो चैप्टर के अध्यक्ष तेजेंद्र साहू ने छत्तीसगढ़ की जनजातीय परंपराओं और स्वतंत्रता आंदोलन में आदिवासी समाज के योगदान पर प्रकाश डाला। इस दौरान छत्तीसगढ़ के महान स्वतंत्रता सेनानी शहीद वीर नारायण सिंह के बलिदान और संघर्ष को भी याद किया गया।

इसी अवसर पर भारतीय महावाणिज्य दूत आनंद प्रकाश ने NACHA की वैश्विक अध्यक्ष दीपाली सरावगी को छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा प्रदान किए गए ‘छत्तीसगढ़ अप्रवासी सम्मान 2026’ के लिए बधाई देते हुए सम्मानित किया। बताया गया कि वह यह सम्मान प्राप्त करने वाली पहली महिला हैं।

टोरंटो और लंदन में दिखी छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान

कनाडा के टोरंटो में भारतीय महावाणिज्य दूतावास के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में महावाणिज्य दूत महावीर सिंहवी ने भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि अर्पित की। NACHA कनाडा चैप्टर के अध्यक्ष पंकज अग्रवाल ने आयोजन के समन्वय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम में जनजातीय नृत्य, पारंपरिक कला, चित्रकला और पारंपरिक वेशभूषा से जुड़ी प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति की विविधता दिखाई गई।

वहीं ब्रिटेन की राजधानी लंदन स्थित नेहरू सेंटर में ‘द ट्राइबल टेपेस्ट्री 2026’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें छत्तीसगढ़, झारखंड और मध्यप्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, जनजातीय परंपराओं और भगवान बिरसा मुंडा के योगदान को विशेष रूप से प्रदर्शित किया गया।

ह्यूस्टन में भी जनजातीय विरासत का उत्सव

अमेरिका के टेक्सास स्थित ह्यूस्टन में भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने 1 नवंबर 2026 को शुगरलैंड के श्रीकृष्ण वृंदावन हॉल में विभिन्न भारतीय राज्यों के प्रवासी संगठनों के साथ राज्य स्थापना दिवस और जनजातीय गौरव दिवस का संयुक्त आयोजन किया। इसमें 14 राज्यों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां हुईं, जिनमें छत्तीसगढ़ भी शामिल रहा। NACHA के प्रतिनिधियों हिमांशु थवैत और नंदा तिवारी ने प्रदेश की जनजातीय विरासत और स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को सामने रखा। इस आयोजन की पुष्टि भारतीय महावाणिज्य दूतावास, ह्यूस्टन की आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति में भी की गई है।

नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने की पहल

NACHA की वैश्विक अध्यक्ष दीपाली सरावगी ने कहा कि विदेशों में बसे छत्तीसगढ़वासी भारतीय राजनयिक मिशनों और सामाजिक संगठनों के साथ मिलकर प्रदेश की संस्कृति को वैश्विक पहचान दिलाने का प्रयास कर रहे हैं। संगठन का उद्देश्य दुनिया के विभिन्न देशों में बसे छत्तीसगढ़ियों को एकजुट करना तथा नई पीढ़ी को अपनी मातृभूमि के इतिहास, लोकपरंपराओं और जनजातीय महापुरुषों के योगदान से परिचित कराना है।

गौरतलब है कि NACHA वर्ष 2017 से प्रवासी छत्तीसगढ़ियों को जोड़ने और प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित एवं प्रचारित करने की दिशा में काम कर रहा है।

इन आयोजनों ने यह संदेश दिया है कि छत्तीसगढ़ की पहचान केवल उसकी प्राकृतिक संपदा तक सीमित नहीं है, बल्कि यहां की जनजातीय संस्कृति, लोककलाएं, स्वतंत्रता सेनानियों का इतिहास और सामाजिक परंपराएं भी इसकी बड़ी ताकत हैं। प्रवासी छत्तीसगढ़ियों की यह पहल प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को अंतरराष्ट्रीय मंच पर स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है।

Advertisements

लाइव टीवी

क्रिकेट लाइव

आज का मौसम

ज्योतिष

आज सोने की कीमत

अन्य खबरें

About Us

देश-दुनिया की बड़ी सुर्खियों से लेकर आपके क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी खबर तक, हम लाते हैं प्रमाणिकता और विश्वसनीयता के साथ। सच के हर पहलू को उजागर करने के हमारे संकल्प के साथ बने रहें, क्योंकि “हम दिखाते हैं वही, जो है सही!

यह भी पढ़ें

2026 | All Rights Reserved | Publictalkies | Made By Best News Portal Development Company.