नई दिल्ली। देश की राजधानी नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ का पर्यटन, प्राकृतिक सौंदर्य और समृद्ध जनजातीय संस्कृति देश-दुनिया के लोगों का ध्यान आकर्षित कर रही है। छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड द्वारा लगाए गए आकर्षक स्टॉल के माध्यम से प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों, सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन की संभावनाओं को राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित किया जा रहा है।

व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ की पहचान यहां के खूबसूरत प्राकृतिक स्थलों के जरिए प्रस्तुत की जा रही है। स्टॉल पर चित्रकोट और तीरथगढ़ जलप्रपात, कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान, ऐतिहासिक सिरपुर, मैनपाट की प्राकृतिक खूबसूरती और बस्तर की अनूठी जनजातीय संस्कृति की जानकारी पर्यटकों को दी जा रही है। इन पर्यटन स्थलों के माध्यम से छत्तीसगढ़ को एक आकर्षक पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है।
ग्रामीण पर्यटन और होमस्टे से रोजगार पर जोर
छत्तीसगढ़ पर्यटन की इस प्रस्तुति में ग्रामीण पर्यटन और होमस्टे नीति को भी विशेष महत्व दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य प्रदेश के गांवों की पारंपरिक संस्कृति, स्थानीय खानपान, रहन-सहन और प्राकृतिक वातावरण को पर्यटन से जोड़ना है। इसके माध्यम से स्थानीय युवाओं, महिलाओं और जनजातीय समुदायों को स्वरोजगार तथा आजीविका के नए अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।

पर्यटन के विकास से ग्रामीण क्षेत्रों की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ ही स्थानीय कला, शिल्प और परंपराओं को भी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने की संभावनाएं बढ़ेंगी।
रिसॉर्ट बुकिंग पर 30 प्रतिशत की छूट
पर्यटकों को छत्तीसगढ़ घूमने के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल द्वारा विशेष ऑफर भी दिया जा रहा है। इसके तहत 14 से 27 नवंबर तक पर्यटन मंडल के रिसॉर्ट की बुकिंग पर पर्यटकों को 30 प्रतिशत की विशेष छूट प्रदान की जा रही है। इस पहल से प्रदेश के पर्यटन स्थलों की ओर पर्यटकों का रुझान बढ़ने और पर्यटन गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।
20 नवंबर को मनाया जाएगा छत्तीसगढ़ राज्य दिवस
भारत मंडपम में 20 नवंबर को छत्तीसगढ़ राज्य दिवस का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर प्रदेश की कला, संस्कृति, परंपराओं और पर्यटन की विविधताओं को विशेष रूप से राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा। आयोजन के जरिए देश के विभिन्न हिस्सों से आए लोगों को छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान और पर्यटन संभावनाओं से परिचित कराने का प्रयास होगा।

प्रदेश सरकार का उद्देश्य छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख पर्यटन गंतव्यों में स्थापित करना है। पर्यटन के माध्यम से स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती और प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को व्यापक पहचान दिलाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ की सहभागिता इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखी जा रही है।






