नई दिल्ली। छत्तीसगढ़ की पारंपरिक हस्तशिल्प कला को देश के सर्वोच्च संवैधानिक भवन राष्ट्रपति भवन में विशेष सम्मान मिला है। कोंडागांव और रायगढ़ जिले के 50 बेलमेटल शिल्पकारों ने नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की। पीढ़ियों से पारंपरिक बेलमेटल और ढोकरा शिल्पकला को संरक्षित करने वाले इन कलाकारों के लिए यह मुलाकात गौरव, सम्मान और यादगार अनुभव बन गई।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने महाराष्ट्र, गोवा, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कलाकारों एवं कारीगरों के एक समूह के साथ-साथ अहमदाबाद स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डिजाइन के सदस्यों से भी मुलाकात की। इन कलाकारों और कारीगरों ने स्वतंत्रता दिवस 2026 के अवसर पर राष्ट्रपति भवन में आयोजित स्वागत समारोह के लिए आमंत्रण पत्र तैयार करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया था।

राष्ट्रपति की इच्छा पर दिल्ली पहुंचा शिल्पकारों का प्रतिनिधिमंडल
जानकारी के अनुसार, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने छत्तीसगढ़ हस्तशिल्प विकास बोर्ड के अंतर्गत पंजीकृत कोंडागांव और रायगढ़ के बेलमेटल शिल्पकारों से मिलने की इच्छा व्यक्त की थी। इसी पहल के तहत 50 शिल्पकारों का प्रतिनिधिमंडल राष्ट्रपति भवन पहुंचा और राष्ट्रपति से मुलाकात की। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ हस्तशिल्प विकास बोर्ड की अध्यक्ष शालिनी राजपूत और सचिव राजेश सिंह राणा भी उपस्थित रहे।

बस्तर की ढोकरा कला की देशभर में अलग पहचान
छत्तीसगढ़ की बेलमेटल कला, विशेषकर बस्तर की प्रसिद्ध ढोकरा शिल्प परंपरा, अपनी विशिष्ट निर्माण तकनीक और बारीक कारीगरी के लिए देश-दुनिया में पहचान रखती है। इस कला में कलाकार मोम और धातु की पारंपरिक तकनीक का उपयोग कर देवी-देवताओं, पशु-पक्षियों, जनजातीय जीवन, लोक परंपराओं और सांस्कृतिक प्रतीकों को आकर्षक रूप देते हैं।
कोंडागांव के शिल्पकार पीढ़ियों से इस पारंपरिक कला को सहेजते आ रहे हैं। उनके हाथों से तैयार कलाकृतियां केवल सजावटी वस्तुएं नहीं, बल्कि बस्तर की आदिवासी संस्कृति, लोकजीवन और समृद्ध विरासत की जीवंत अभिव्यक्ति हैं।

शिल्पकारों के हुनर को मिला राष्ट्रीय मंच
राष्ट्रपति भवन में हुई इस मुलाकात को छत्तीसगढ़ की पारंपरिक कला और कलाकारों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। इससे कोंडागांव और रायगढ़ के शिल्पकारों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलने के साथ ही पारंपरिक हस्तशिल्प के संरक्षण और संवर्धन को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
छत्तीसगढ़ की बेलमेटल और ढोकरा कला को राष्ट्रीय मंच पर मिली यह पहचान प्रदेश की सांस्कृतिक समृद्धि और पीढ़ियों से चली आ रही शिल्प परंपरा का गौरव बढ़ाने वाली है। साथ ही यह अवसर नई पीढ़ी को अपनी पारंपरिक कला और विरासत से जुड़ने की प्रेरणा भी देगा।








